बिहार विधानसभा में मंगलवार को हंगामें के बाद बुधवार को विधान परिषद में विपक्ष के नेताओं ने जोरदार हंगामा किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी भड़क गए और कहा कि गुंडागर्दी का जवाब जनता देगी। विधान परिषद में मुख्यमंत्री अपनी बात रख रहे थे, तभी राजद के विधान पार्षद बीच में आकर मंगलवार को विधानसभा में हुई घटना के विरोध करने लगे। देखते ही देखते सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग एक दूसरे के करीब आ गए।
इसके बाद मुख्यमंत्री भड़क गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने रिजेक्ट किया है। जनता ही ठीक से जवाब देगी। उन्होंने कहा, “इधर के लोग शांति से बैठे हैं, आप लोग जो अटैक करते हैं, इधर के लोग अटैक करते हैं क्या। “इस दौरान विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सभी सदस्यों को शांत कराते रहे, लेकिन हंगामा जारी रहा।
इस बीच मुख्यमंत्री गुस्से में दिखे और कहा कि विधानसभा में जो गुंडागर्दी की है, वह सब देख रहे हैं। जनता ने रिजेक्ट किया है और जनता ही जवाब देगी। मुख्यमंत्री ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि चुपचाप अपनी बात रखिए। उन्होंने आक्रोश में कहा कि इधर की क्या संख्या है और उधर की क्या संख्या है, है पता कुछ। जदयू के विधान पार्षद नीरज कुमार ने सभापति से राजद सदस्यों पर कार्रवाई की मांग तक कर दी।


Download Android App
Download iOS App



