Nitish Kumar ने नियुक्ति पत्र देकर युवाओं का संवारा भविष्य : Neeraj Kumar

Summary :

शिक्षा में सुधार की दिशा में नीतीश कुमार का बड़ा कदम

बीपीएससी के तीसरे चरण के सफल शिक्षक अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।

इस विशेष आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा तथा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भी मौजूद रहेंगे।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नियुक्ति पत्र देकर इन अभ्यर्थियों का भविष्य संवारा, जबकि किसी और ने नौकरी के बदले जमीन ली थी। फर्क साफ है, हम शिक्षा में सुधार कर रहे हैं, जबकि कुछ ने भर्ती को व्यापार बना दिया था। बिहार में अब नौकरी पाने के लिए प्रॉपर्टी के कागज की जरूरत नहीं है। तेजस्वी यादव को राजनीति में ‘नियुक्ति पत्र’ भी हमने ही दिया और बर्खास्त भी हमने ही किया।

इस खास मौके पर कुल 66,800 शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। गांधी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में बिहार के आठ जिलों पटना, नालंदा, वैशाली, सारण, भोजपुर, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर और अरवल के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा।

बिहार की 38 जिलों में शेष 30 जिलों के सफल शिक्षक अभ्यर्थियों को उनके जिले में जिले के प्रभारी मंत्री के द्वारा नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

सभी नवनियुक्त शिक्षकों को अप्रैल तक उनके संबंधित विद्यालयों में आवंटित कर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके साथ ही विभाग की कोशिश है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में बच्चों का पठन-पाठन सुचारू रूप से चले और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.