बीजेपी के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने कहा कि उनकी पार्टी सम्राट अशोक के मूल्यों और परंपराओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में अशोक की उपलब्धियों के बारे में लोगों को पढ़ाना और सदियों तक उनका साम्राज्य कैसे अखंड रहा, इसके बारे में पढ़ाना शामिल होगा। राय ने शुक्रवार को रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय सभागार में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आगामी दो अप्रैल को सासाराम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सम्राट अशोक जयंती समारोह में भाग लेंगे। इसकी तैयारी को लेकर वह यहां पहुंचे हैं। इस कार्यक्रम में आमजनों की सहभागिता रहेगी।
इतिहास में इनको उचित स्थान नहीं मिला
भाजपा नेता ने कहा कि सम्राट अशोक ने देश को एक स्वरूप में पिरोने का कार्य किया। उन्होंने अखंड भारत का स्वरूप देश को प्रदान किया था। उनके राजपाट में लोगों के जीवन में खुशियां थी। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, पुरुषार्थ की विरासत की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि प्रतापी अशोक को आजादी के बाद इतिहास में इनको उचित स्थान नहीं मिला। उन्होंने कहा सम्राट अशोक सासाराम में रुके भी थे जो यहां लघु शिलाले़ख पर अंकित है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समरसता और समाज के सृजन राष्ट्र विकास की राजनीति करती है।
चुनाव में राज्य की जनता उनको जवाब देगी
राय ने कहा कि उमहागठबन्धन की सरकार राज्य की जनता को ठगने का कार्य कर रही। समाज मे नफरत फैलाने का कार्य कर रही है। भाजपा ने कम विधायक होते हुए भी नीतीश कुमार पर विश्वास किया। उन्हें मुख्यमंत्री बनाया।लेकिन जिसका विरोध कर सता में आये उसी महागठबन्धन की गोद मे बैठ गए।अगले लोक सभा व विधान सभा चुनाव में राज्य की जनता उनको जवाब देगी। केन्द्र राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने गया स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को विजय बनाने की अपील की।