बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने वक्फ बिल पर आरजेडी के हमलों का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ रहते हुए 20 साल तक अल्पसंख्यकों के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि हमें मौलानाओं की जरूरत नहीं है, जनता के लिए काम करेंगे तो वोट मिलेगा।
देश में वक्फ बिल को लेकर सियासत अभी थमी नहीं है। दोनों सदनों से पास होने और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर होने के बाद अब वक्फ संशोधन बिल कानून बन चुका है, लेकिन विपक्ष ने इसे अभी तक स्वीकार नहीं किया है। बिहार में भी राजनीति चमकाने के लिए आरजेडी नीतीश सरकार पर हमला बोल रही है। आरजेडी का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वक्फ बिल पर केंद्र सरकार का साथ देकर बिहार के मुसलमानों को धोखा दिया है। वहीं अब इसका पलटवार करते हुए बिहार सरकार के मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी अशोक चौधरी ने एक बड़ा बयान दिया है।
आरेजडी पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में अशोक चौधरी ने कहा कि देश के किसी भी नेता में इतनी औकात नहीं है कि वह भाजपा के साथ रहते हुए अल्पसंख्यकों के हितों की इस तरह से रक्षा कर सके। नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ रहते हुए अल्पसंख्यकों की रक्षा की। उन्होंने 20 साल तक अल्पसंख्यकों के लिए काम करके दिखाया है। अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार पर सवाल उठाने वालों को अपने अंदर झांकना चाहिए। हमें किसी मौलाना की जरूरत नहीं है। हम जनता के लिए काम करते हैं। अगर जनता को अच्छा लगेगा कि हम उनके लिए काम कर रहे हैं तो वह हमें वोट देगी।
अशोक चौधरी ने यह बयान मंगलवार रात जेडीयू एमएलसी खालिद अनवर के आवास पर ईद पर आयोजित कार्यक्रम में दिया। अब अशोक चौधरी के बयान से सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी अल्पसंख्यक विरोधी है? अशोक चौधरी ने यह बयान देकर अपने नेता की छवि को तो साफ कर दिया लेकिन कहीं ने हीं बीजेपी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
आरजेडी ने अशोक चौधरी पर किया पलटवार
आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जेडीयू कोटे के मंत्री अशोक चौधरी ने खुद बयान देकर स्वीकार किया है कि उनकी सहयोगी बीजेपी मुस्लिम हितों की रक्षा नहीं करती है। अब यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार सीएम की कुर्सी पर बने रहने के लिए बीजेपी के साथ हैं। एजाज अहमद ने आगे कहा कि अशोक चौधरी यह भी कह रहे हैं कि हमें मौलानाओं की जरूरत नहीं है। इसका मतलब यह है कि वह मुसलमानों को गुमराह कर रहे हैं। जब मौलानाओं की जरूरत नहीं है तो वह कल ईद मिलन कार्यक्रम में टोपी और पगड़ी पहनकर क्यों गए थे?
‘Tejashwi का है शेर का करेजा’, पटना में RJD का नया पोस्टर, वक्फ बिल पर कहा शुक्रिया


Download Android App
Download iOS App



