Patna Businessman Murder: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधियों ने सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट के पीछे में पिंटू (25) उर्फ बड़का को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आस-पास लगे CCTV खंगाले जा रहे हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर मारी गोली

गोली की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने घायल कारोबारी को इलाज के लिए पीएमसीएच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अंधेरा होने की वजह से अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी और वे घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
CCTV खंगाल रही है पुलिस
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV खंगाल रही है और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण साफ नहीं हो पाया है।
Blackout Mock Drill Patna: पटना समेत 6 जिलों में ब्लैकआउट
आपको बता दें कि गुरुवार को बिहार में पटना समेत 6 जिलों में ब्लैकआउट किया गया था। करीब शाम 7 से 7:15 बजे के बीच मॉकड्रिल की गई, इसमें एयर रेड वार्निंग, रेस्क्यू ऑपरेशन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स जैसे अभ्यास शामिल थे। इस अंधेरे के लिए घात लगाकर बैठे अपराधियों ने 15 मिनट के अंदर खौफनाक साजिश को अंजाम दे दिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।


Download Android App
Download iOS App




