Patna Hostel Gun Firing: राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में देर रात अफरा-तफरी मच गई। मंगलवार रात को सिवी रमन हॉस्टल परिसर में बमबारी और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया। दोनों हॉस्टल के छात्रों के बीच मारपीट हुई। मौके पर डीएसपी राजकिशोर सिंह के साथ सुल्तानगंज पुलिस पहुंची। इससे पहले ही छात्र वहां से भाग गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ देर तक स्थिति इतनी भयावह हो गई थी कि लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे थे।
हॉस्टल परिसर में बम फोड़े और फायरिंग की

सूत्रों के मुताबिक, इस घटना को जैक्सन हॉस्टल के छात्रों द्वारा अंजाम दिया गया। आरोप है कि छात्रों ने सिवी रमन हॉस्टल परिसर में चार बम फोड़े और कई राउंड फायरिंग की। बम धमाकों से हॉस्टल में खड़ी कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि दिवारोंओर कमरों पर गोली के निशान साफ़ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
CV Raman Hostel Patna: क्यों भड़की हिंसा?
बताया जा रहा है कि इस हिंसा की वजह पीरबहोर थाना क्षेत्र के कृष्णा घाट के पास हुई एक घटना है। जहां जैक्सन हॉस्टल के कुछ छात्रों पर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था। इसका विरोध करने पर दोनों हॉस्टल के छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। इस हमले में दो छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
Patna Crime News: इलाके में तनाव का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही पटना के एसएसपी, एएसपी पटना सिटी और सुल्तानगंज तथा पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। जैक्सन हॉस्टल में छापेमारी जारी है और कई छात्रों की पहचान की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।


Download Android App
Download iOS App




