बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में कोरोना का टीकाकरण मुफ्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में भी जो टीकाकरण किया जाएगा, उसकी सुविधा भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
नीतीश कुमार ने कहा, “हमलोग रविवार को बैठे थे और कई विभागों के साथ इसके लिए पूरी समीक्षा की गई है। जो भी चीजें आज से की जानी है उसके बारे में पूरी समीक्षा की गई है।” उन्होंने कहा कि विधानसभा और विधान परिषद में भी टीकाकरण का इंतजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज ही हम अपना टीका लगवा रहे हैं। पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, “पूरे बिहार में वैक्सीनेशन बिल्कुल फ्री होगा, निजी अस्पताल में भी राज्य सरकार द्वारा मुफ्त टीकाकरण का इंतजाम किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में टीकाकरण का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उल्लेखनीय है कि बिहार में कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण प्रारंभ हो गया है। राज्य में सोमवार से 60 वर्ष से अधिक लोगों या किसी दूसरी बीमारी से ग्रसित 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना वायरस रोधी टीका लगाया जाएगा। पिछले साल संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में शामिल दलों ने अपने घोषणा पत्रों में लोगों को कोरोना का टीका मुफ्त देने का वादा किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



