प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिये सात नवंबर को होने वाले तीसरे और आखिरी चरण के मतदान से पहले राज्य के मतदाताओं से कहा कि वह बिहार के विकास को लेकर बहुत आश्वस्त हैं और इसमें कोई कमी ना आए तथा संबंधित योजनाएं ‘‘अटकें और भटकें’’ नहीं, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार की जरूरत है।
मोदी ने तीसरे चरण का प्रचार समाप्त होने से ठीक पहले बिहारवासियों के नाम एक पत्र जारी किया और विश्वास जताया कि केंद्र व राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होने से इस दशक में बिहार को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बिहार के विकास को लेकर बहुत आश्वस्त हूं। बिहार के विकास में कोई कमी ना आए, विकास की योजनाएं अटकें नहीं, भटकें नहीं इसलिए मुझे बिहार में नीतीश जी की सरकार की जरूरत है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की ताकत इस दशक में बिहार को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाएगी।’’
मोदी ने कहा कि इस पत्र के माध्यम से वह बिहार के विकास के लिए राजग पर विश्वास और विश्वास बनाए रखने के लिए राजग के संकल्प के बारे में बात करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘युवा हों या बुजुर्ग, गरीब हों या किसान, हर वर्ग के लोग जिस प्रकार आशीर्वाद देने के लिए सामने आ रहे हैं, वह एक आधुनिक और नए बिहार की तस्वीर दिखाता है।’’
बिहार के भाइयों और बहनों के नाम मेरा पत्र… pic.twitter.com/QZ2qOlF8XD
— Narendra Modi (@narendramodi) November 5, 2020
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ के मंत्र पर चलते हुए राजग की सरकार बिहार के गौरवशाली अतीत को फिर स्थापित करने के लिए कटिबद्ध है। यह हम सब के लिए गर्व का विषय है कि बिहार चुनाव का पूरा फोकस विकास पर केंद्रित रहा। राजग की सरकार ने पिछले वर्षों में जो कार्य किए उसका हमने ना केवल रिपोर्ट कार्ड पेश किया बल्कि जनता जनार्दन के सामने आगे का विजन भी रखा। लोगों को भरोसा है कि बिहार का विकास राजग सरकार ही कर सकती है।’’
उन्होंने कहा कि अव्यवस्था और अराजकता के वातावरण में नव निर्माण असंभव होता है। उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2005 के बाद से बिहार में माहौल भी बदला और नव निर्माण की प्रक्रिया भी आरंभ हुई। बेहतर संसाधन और कानून का राज सामाजिक और आर्थिक संपन्नता के लिए अनिवार्य है। बिहार को यह दोनों राजग ही दे सकता है।’’


Download Android App
Download iOS App



