भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को बिहार के जमुई और गया में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए वोट मांगेंगे। गया की जनसभा में उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख रामविलास पासवान भी होंगे।
भाजपा द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री जमुई लोकसभा क्षेत्र के खैरा प्रखंड के केंडीह बल्लोपुर पंचायत के नरियाना पुल के निकट स्थित मैदान में दोपहर दो बजे एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय सहित कई नेता उपस्थित रहेंगे।
प्रधानमंत्री जमुई के बाद गया पहुंचेंगे, जहां वे गया के गांधी मैदान में अपराह्न चार बजे एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जमुई और गया की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गया और जमुई में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 11 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App




