बिहार पुलिस के पूर्णिया रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विनोद कुमार का रविवार को कोरोना वायरस से निधन हो गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख जताते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सिविल सर्जन डॉ. उमेश शर्मा ने आईजी के मौत की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री नीतीश ने ट्वीट करते हुए लिखा, पुलिस अधिकारी के रूप में विभिन्न पदों पर रहते हुए निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दी थी। वह एक कुशल एवं संवेदनशील पुलिस पदाधिकारी थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा का चिरशांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बिहार कैडर के 59 वर्षीय आईपीएस अधिकारी को पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 4 दिन पहले भर्ती कराया गया था। कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें पुर्णिया के अस्पताल से पटना एम्स में रेफर किया गया था। उन्हें डायबिटीज थी और कोविड संक्रमण के कारण उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया था।
पटना के सिविल सर्जन डॉ. उमेश शर्मा ने आईजी की कोविड-19 से मृत्यु होने की पुष्टि की है। कुमार को 2001 में आईपीएस अधिकारी के रूप में पदोन्नत किया गया था। वह 20 अगस्त, 2019 को पूर्णिया रेंज के आईजी बने थे। इससे पहले बिहार में नीतीश कुमार सरकार के कैबिनेट मंत्रियों – कपिल देव कामत और विनोद सिंह का भी कोरोनावायरस के कारण निधन हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



