मुलायम के बयान पर राबड़ी की प्रतिक्रिया, कहा-उनकी उम्र हो गई है

Summary :

आजम खान ने ये भी कहा कि ये मुलायम का बयान नहीं है उनसे ये बयान दिलवाया गया है। दूसरी ओर, राहुल गांधी ने मुलायम सिंह यादव के बयान पर असहमति जताई।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मुलायम सिंह यादव के लोकसभा में मोदी के फिर से प्रधानमंत्री बनने की कामना वाले बयान को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी (मुलायम) उम्र हो गई है, याद नहीं रहता है कि कब-क्या बोल देंगे। ऐसे में उन्होंने जो कहा वह मायने नहीं रखता है।

गौरतलब है की सपा नेता मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी ने सबके साथ मिलकर काम किया है और वह उनके फिर से प्रधानमंत्री बनने की कामना करते हैं। संसद के बजट सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने से पहले दलों के नेताओं के पारंपरिक संबोधन के दौरान मुलायम सिंह यादव ने यह भी कहा कि हमारी कामना है कि जितने सदस्य इस सदन में हैं, सबके सब एक बार फिर लौटकर आएं।

लोकसभा में बोले PM मोदी- सुनते थे कि भूंकप आयेगा, पांच साल में नहीं आया

उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर खुशी जताई। हालांकि मुलायम के इस बयान के बाद अभी तक उनके बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है। वहीं मुलायम के इस बयान के बाद आजम खान ने टिप्पणी की है कि वह उनके बयान से काफी दुखी हैं।

आजम खान ने ये भी कहा कि ये मुलायम का बयान नहीं है उनसे ये बयान दिलवाया गया है। दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुलायम सिंह यादव के बयान पर असहमति जताई।

Desk Team