राहुल की देखा देखी तेजस्वी कर रहे हैं सीएए का विरोध : राजीव रंजन

Summary :

राहुल गाँधी बनने की जिद थामे बैठे तेजस्वी द्वारा इसके खिलाफ लोगों को भड़काने की कोशिश करना यह दिखाता है कि इनके पास सरकार के खिलाफ कोई वास्तविक मुद्दा है ही नहीं।

पटना :  राजद पर हमला बोलते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सह पूर्व विधायक श्री राजीव रंजन ने कहा “राहुल गाँधी की राह पकड़ चुके राजद के युवराज अब उन्हीं की तर्ज पर झूठ की खेती को ही अपनी राजनीति जमा-पूंजी मान चुके हैं। सीएए, एनसीआर और एनपीआर के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकालने का ऐलान कर उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उन्हें तथ्यों और सच्चाई से कोई मतलब नहीं है। चूँकि दिल्ली में राहुल इन मुद्दों का विरोध कर रहे हैं इसीलिए वह भी उनकी देखा-देखी बिहार में इसका विरोध जरुर करेंगे।”
 राजद के प्रतिरोध मार्च की घोषणा को सियासी नौटंकी बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा “प्रधानमन्त्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह खुद विभिन्न मंचों से यह बार-बार स्पष्ट कर चुके हैं कि नागरिकता संशोधन कानून नागरिकता देने के लिए है, लेने के लिए नहीं। इसके बाद इसके खिलाफ किसी धरने-प्रदर्शन का कोई औचित्य ही नहीं बचता। इसके अलावा भाजपा द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरण अभियान ने लोगों का बचा-खुचा सुबहा भी दूर कर दिया है. फिर भी बिहार का राहुल गाँधी बनने की जिद थामे बैठे तेजस्वी द्वारा इसके खिलाफ लोगों को भड़काने की कोशिश करना यह दिखाता है कि इनके पास सरकार के खिलाफ कोई वास्तविक मुद्दा है ही नहीं।”
राजद पर चुटकी लेते हुए श्री रंजन ने कहा “ राजद के नेताओं को अपने युवराज को समझाना चाहिए कि राहुल जी की  देखा-देखी सीएए पर झूठ बोलने से बेहतर इस कानून के प्रावधानों की जानकारी लेकर खुद फैसला लेना है। उन्हें तेजस्वी जी को समझाना चाहिए कि बिहार की जनता इस कानून को समझ चुकी है और पड़ोसी मुल्कों के अल्पसंख्यकों के पक्ष में खड़ी है. राहुल जी की राह पकड़ने का परिणाम वह बीते लोकसभा चुनाव में भुगत चुके हैं और अगर वह अब भी राहुल जी की तर्ज पर झूठ बोल सीएए का विरोध करते रहेंगे तो आगामी विधानसभा चुनाव में वह फिर एक बार राजद की लुटिया जरुर डुबो देंगे।”

Desk Team