Bihar Congress की कमान संभालेंगे राजेश कुमार, चुनाव की तैयारी शुरू

Summary :

कन्हैया कुमार की यात्रा से कांग्रेस को होगा फायदा: राजेश कुमार

बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस नेता राजेश कुमार को प्रदेश की कमान सौंपी है। प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने के बाद राजेश कुमार ने बुधवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की।

इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी मौजूद थे। मुलाकात के बाद राजेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि बिहार प्रदेश कांग्रेस में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

Bihar चुनाव को ध्यान में रखकर Lalu Yadav से पूछताछ: RJD नेता कांति सिंह

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बिहार कांग्रेस चीफ राजेश कुमार ने कहा कि मुलाकात अच्छी रही है। बिहार में कांग्रेस को मजबूत करने का मंत्र मिला है। चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की बिहार में यात्रा निकालने पर राजेश कुमार ने कहा कि यकीनन यात्रा से कांग्रेस को फायदा होगा। इस यात्रा के जरिए हम जनता हित के मुद्दों को उठाएंगे। सरकार तक जनता के मुद्दे लेकर जाएंगे। एक सवाल के जवाब में राजेश कुमार ने कहा कि अच्छे प्रदर्शन के लिए अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना जरूरी है।

हालांकि, यह गठबंधन तय करेगा कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। लेकिन, हर पार्टी अपना विस्तार चाहती है। हमें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मिलकर काम करना होगा। बिहार में कांग्रेस की मजबूती को लेकर उन्होंने कहा कि हम लोकतांत्रिक पार्टी हैं। इंटरनल लोकतंत्र पर बात करते हैं।

आने वाले समय में जिला स्तर पर हम देखेंगे कि कहां कमजोर पड़ रहे हैं। किस विधानसभा में कमी है। इन सभी कमी को दूर कर कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का सीएम फेस तेजस्वी यादव के होने के सवाल पर बिहार कांग्रेस चीफ ने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर अभी इस तरह की कोई चर्चा नहीं है। यह तो चुनाव के बाद की प्रक्रिया है। गठबंधन मजबूत है। चुनाव के बाद देखेंगे कि उस समय क्या परिस्थिति बनती है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.