आरजेडी के बडहरा विधानसभा के विधायक सरोज यादव ने सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की, जिसके बाद से ही बिहार की सियासत तेज हो गई है। इससे पहले रालोसपा के दो विधायकों के बाद अब राजद के एक विधायक ने भी मुख्यमंत्री से अकेले में मुलाकात की है इसकों लेकर वो सवालों और कयासों के घेरे में हैं। सबसे खास बात ये रही कि इस मुलाकात की तस्वीर खुद सरोज यादव ने जारी की।
हालांकि सरोज यादव ने इस मुलाकात को क्षेत्र हित से जोड़कर देखने की अपील की है। सरोज यादव ने अपने द्वारा जारी किये गये प्रेस रिलीज में सडक निर्माण, पीपा पुल चालू करना और शहीद के परिवार वालों को सरकारी मदद दिए जाने की वाकलत करने से जोड़कर दिखाया है। लोगों ने इस मुलाकात के बाद ये कयास लगाना शुरू कर दिया है कि जोड़ तोड़ की राजनीति में सरोज यादव कहीं जदयू में शामिल होने की सीढ़ी चढ़ने लगे हैं।
इस मामले में जब सरोज यादव से बात की गई तो उन्होंने तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि मेरा कोई इरादा जदयू में जाने का नहीं है और मरते दम तक मैं राजद में ही रहूंगा। राजद विधायक सरोज यादव के नीतीश कुमार से मुलाकात पर राजद ने भी सफाई दी है। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि विधायक की मुख्यमंत्री से मुलाकात क्षेत्र की समस्या को लेकर हुई थी लेकिन इस मुलाकात पर विपक्ष के बयान से उनकी बेचैनी झलकती है। तिवारी ने कहा कि कोई सपना ना देखे क्योंकि पूरी पार्टी एकजुट है और राजद को कोई नही तोड़ सकता है।


Download Android App
Download iOS App




