बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आज कहा कि सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अपने अंतर कलह के कारण ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा। जेडीयू में पनप रहे मनमुटाव पर आरजेडी ने जोरदार हमला बोला है।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सोमवार को कहा कि जदयू कोटे से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री बने आरसीपी सिंह के पटना आगमन को लेकर स्वागत की तैयारी की गई है लेकिन इस तैयारी मे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और पार्टी संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को दरकिनार कर दिया गया है। दोनों वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार किए जाने से पार्टी के अंदर कलह उभर कर सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि अब समय दूर नहीं कि जदयू ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा। तिवारी ने कहा कि जदयू में एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की होड़ मची हुई है, जिससे जदयू पूरी तरह से दो फाड़ हो गया है। केंद्रीय मंत्री के स्वागत में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष को ही निमंत्रण नहीं दिया जाता है तो ऐसे में समझा जा सकता है कि पार्टी में किस तरह का घमासान मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी दो गुटों में बंट चुकी है। जदयू के सांसद और विधायकों के साथ ही कार्यकर्ताओं में इसे लेकर भारी नाराजगी है।


Download Android App
Download iOS App



