RJD का मुख्यमंत्री पर वार, नीतीश के नवरत्नों में अपराधी और भ्रष्टाचारी ही क्यों है?

Summary :

बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी के इस्तीफे के बाद मुकुट मणि, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और मंत्री अशोक चौधरी की पत्नी पर बैंक से करोड़ों की धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगा है।

भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी के इस्तीफे के बाद मुकुट मणि, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और मंत्री अशोक चौधरी की पत्नी पर बैंक से करोड़ों की धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगा है। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए सवाल किया। 
आरजेडी ने अधिकारिेक ट्वीट में सवाल किया कि नीतीश के नवरत्नों में सभी अपराधी और भ्रष्टाचारी ही क्यों है? पार्टी ने कहा कि इनके मंत्रियों से करोड़ों के भ्रष्टाचार पर सवाल पूछो तो कहते हैं कि भ्रष्टाचार बड़ी बात नहीं। 


वहीं आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें एक पत्रकार द्वारा इस बारे में सवाल पूछे जाने पर अशोक चौधरी को यह कहते देखा गया कि हाई कोर्ट ने इस मामले को खारिज किया और सुप्रीम कोर्ट में उनके पक्ष को नहीं सुना गया है और जब तारीख आएगी, तब वह अपना पक्ष रख्रेंगे, इसमें क्या बड़ी बात है।


बहरहाल, तेजस्वी ने कहा, ‘‘ इनकी निष्कपटता देखिए। कहते हैं बीवी का भ्रष्टाचार कोई बड़ी बात नहीं।’’ गौरतलब है कि एक दिन पहले ही तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘नीतीश कुमार नीत सरकार के 14 में से 8 मंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। ख़बरदार अगर कोई नैतिकता, सुशासन और लोकलाज की बात करेगा।’’ उन्होंने कहा था कि बदलाव के जनादेश के विपरीत अनैतिक सरकार बनाते ही नीतीश जी ने रोजी-रोटी जैसे सकारात्मक मुद्दों को छोड़ नकारात्मकता को गले लगा लिया है। 

Desk Team