बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होना है, इससे चार दिन पहले शनिवार को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने घोषणा पत्र जारी की। घोषणा पत्र को ‘वचन पत्र’ बताते हुए रालोसपा ने रोजगारों को रोजगार देने का वादा किया है। रालोसपा के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा द्वारा जारी घोषणा पत्र में ‘उपेंद्र हैं, तो उम्मीद है’ का नारा देते नौजवानों को रोजगार, विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा का वादा किया गया है।
उन्होंने नारा देते हुए कहा, ‘न 15 साल वाली ये सरकार, न 15 साल वाली वो सरकार। अबकी बार शिक्षा और रोजगार वाली सरकार।’ रालोसपा के घोषणा पत्र में 25 सूत्री कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसमें दवाई, कड़ाई, कमाई, सिंचाई, कार्रवाई, सुनवाई को सम्मिलित किया गया है। शहर में वार्ड क्लिनिक और गांवों में 2,000 की आबादी पर एक क्लिनिक खोलने का वादा किया गया है जबकि नवोदय विद्यालय की तर्ज पर सभी जिलों में स्कूल की स्थापना करने और मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया गया है।
घोषणा पत्र में ‘युवा आयोग’ का गठन करने का वादा भी किया गया है। सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की प्रतिमा स्थापित करने का भी वादा लोगों से किया गया है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्युलर फ्रंट (जेडीएसएफ) के बैनर तले चुनाव लड़ रही है। इस मोर्चे में मायावती की पार्टी बसपा और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के अलावा अन्य पार्टियां शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



