देश में संक्रमणमुक्त मरीजों का आंकड़ा 70 लाख के पार, रिकवरी रेट 90 प्रतिशत के करीब

Summary :

मंत्रालय ने कहा, ‘‘संक्रमणमुक्त हुए करीब 61 प्रतिशत लोग महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के हैं।’’

देश में कोविड-19 संक्रमण से मुक्त हुए लोगों में से 61 प्रतिशत लोग महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि करीब 70,16,046 लोग अब तक संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और इसके साथ ही देश में संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हुए लोगों की दर बढ़कर शनिवार को 89.78 प्रतिशत हो गई।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘संक्रमणमुक्त हुए करीब 61 प्रतिशत लोग महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के हैं।’’ उसने बताया कि संक्रमणमुक्त हुए कुल लोगों में से महाराष्ट्र में 20.6 प्रतिशत, आंध्र प्रदेश में 10.9 प्रतिशत, कर्नाटक में 9.9 प्रतिशत, तमिलनाडु में 9.4 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 6.1 प्रतिशत और दिल्ली में 4.1 प्रतिशत लोग हैं।
मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में संक्रमणमुक्त हुए लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से अधिक हैं। पिछले 24 घंटे में 67,549 मरीज स्वस्थ हुए। उसने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटे में संक्रमण के कुल 53,370 नए मामले सामने आए। जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से 80 प्रतिशत मामले 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में सामने आए हैं। केरल में सर्वाधिक, 8,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं और इसके बाद महाराष्ट्र में 7,000 से अधिक नए मामलों का पता चला है।’’
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 53,370 नए मामले सामने आने के बाद अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या शनिवार को बढ़कर 78,14,682 हो गई। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 650 और लोगों की मौत होने से देश में संक्रमण के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 1,17,956 हो गई है। देश में कोरोना वायरस के कारण लोगों की मौत की दर गिरकर 1.51 प्रतिशत रह गई है। देश में 6,80,680 लोग उपचाराधीन हैं, जो कुल मामलों का 8.71 प्रतिशत है।

देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 78 लाख के पार, एक्टिव केस 6 लाख 80 हजार

 

Desk Team

कोविड-19 : देश में महामारी की रफ्तार सुस्त, रिकवरी रेट 90 प्रतिशत के करीब

Summary :

रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमण मुक्त होने की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण मुक्त होने की दर लगातार बढ़ रही है और यह करीब 89 प्रतिशत (88.81) तक पहुंच गई है।

भारत में लगातार दूसरे दिन कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 7.5 लाख से नीचे रही वहीं, मृत्युदर (सीएफआर) गिरकर 1.51 प्रतिशत पर आ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि मौजूदा समय में छत्तीसगढ़ (0.96%), झारखंड (0.87%), आंध्र प्रदेश (0.82%), तेलंगाना (0.57%), बिहार (0.49%), असम (0.44%), ओडिशा(0.43%), केरल (0.34%) सहित 14 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं जहां संक्रमण से मृत्यु दर एक प्रतिशत से कम है।
केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को संक्रमण के कुल मामलों के मुकाबले मृत्युदर (सीएफआर) को एक प्रतिशत से नीचे लाने की सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस समय 7,40,090 उपचाराधीन मरीज हैं और यह कुल संक्रमितों का 9.67 प्रतिशत है। भारत में रोजाना कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की उच्च दर के साथ अधिक मरीजों के संक्रमण मुक्त होने का सिलसिला भी जारी है।
मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में देश में 61,775 कोविड-19 मरीज ठीक हुए जबकि इस अवधि में 54,044 नये लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। मंत्रालय ने रेखांकित किया कि यह स्थिति तब है जब देश में 24 घंटे में 10,83,608 नमूनों की जांच की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘जांच, संपर्क का पता लगाने और इलाज करने की रणनीति को सफलतापूर्वक लागू करने के साथ समय पर उचित इलाज से मृत्युदर में लगातार कमी आ रही है। राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 मृत्युदर आज गिरकर 1.51 प्रतिशत पर आ गई है।’’
मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में 67,95,103 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमण मुक्त होने की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण मुक्त होने की दर लगातार बढ़ रही है और यह करीब 89 प्रतिशत (88.81) तक पहुंच गई है। मंत्रालय ने बताया कि ठीक हो रहे मरीजों में से 77 प्रतिशत मरीज 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हैं।
मंत्रालय ने बताया कि 8,500 से अधिक लोगों के ठीक होने के साथ कर्नाटक ने इस मामले में महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है। महाराष्ट्र और केरल में भी 7,000 से अधिक लोगों ने महामारी को मात दी। गत 24 घंटे में सामने आए 54,044 नये मामलों में से 78 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। महाराष्ट्र में 8,000 से अधिक नये मामले सामने आए। वहीं कर्नाटक और केरल में 6,000 से अधिक और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटों में 717 लोगों की कोविड-19 की वजह से मौत हुई जिनमें से 82 प्रतिशत मौतें 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दर्ज की गईं। इनमें से भी अकेले 29 प्रतिशत (213) मौतें महाराष्ट्र में हुईं जबकि कर्नाटक में 66 लोगों की जान गई। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में सामने आए 54,044 नये मामलों के साथ देश में अबतक 76,51,107 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 717 और मौतों के साथ देश में कोविड-19 से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,15,914 तक पहुंच गई है।

देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े 76 लाख के पार, एक्टिव केस 7 लाख 40 हजार

Desk Team