लोकतांत्रिक व्यवस्था को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम- हारूण रसीद

Summary :

जब जनप्रतिनिधि समाज के अंतिम व्यकित के अधिकारों के लिए काम करता है तो उस जनप्रतिनिधि की सर्वत्र प्रशंसा भी होती है

पटना : बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति मो.हारूण रसीद ने सदन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सफल बनाने में जन प्रतिनिधियों की अहम भूमिका होती है। उन्हें प्राप्त संवैधानिक अधिकारों का उपयोग समाज के सभी वर्गों के कल्याण सहित अंतिम पायदान के लोगों के कल्याण के लिए किया जाना चाहिए, और जब जनप्रतिनिधि समाज के अंतिम व्यकित के अधिकारों के लिए काम करता है तो उस जनप्रतिनिधि की सर्वत्र प्रशंसा भी होती है।
सभापति रसीद ने कहा कि विगत सत्रों में उच्च सदन के सदस्यों द्वारा उत्कृष्ट परंपरा का निर्वहन किया गया है। यह इस बात का द्योतक है कि हम लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कृत संकल्पित है। यह बड़े हर्ष का विषय है कि सदस्यगण जन समस्याओं तथा प्रश्न, ध्यानाकर्षण, निवेदन, शून्यकाल एवं गैर सरकारी संकल्प आदि के माध्यम से सदन में उठाने हेतु अपने बहुमूल्य समय का सदुपयोग करते हैं।
सभापति रसिद ने आगे कहा कि पिछले सत्रों की तरह इस सत्र में भी सदस्यों ने नेशनल ई-विधान सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हुए ऑनलाइन प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण परिषद सचिवालय को प्रेषित किया है। मैं आशा करता हूं कि इसका वे लगातार उपयोग करते रहेंगे। इसे और भी प्रभावशाली बनाने का प्रयत्न किया जा रहा है ताकि प्रश्नकाल सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों को सदन में उठाया जा सके।

Desk Team