सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना, विकास को बताया प्राथमिकता

Summary :

डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता में विकास, विपक्ष पर निशाना

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए विकास को प्राथमिकता बताया। उन्होंने राज्य में चल रही योजनाओं और प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का जिक्र किया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि और महिला संवाद कार्यक्रम की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने राजद नेता लालू यादव की आलोचना करते हुए एनडीए सरकार के विकास कार्यों की सराहना की।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का जिक्र करते हुए विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार का दौरा किया और लगभग 6,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को राज्य की जनता को समर्पित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बड़ा ऐलान किया। इस योजना में सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि को 400 रुपए से बढ़ाकर 1,100 रुपए कर दिया गया, जिसके लिए 13,000 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। पिछले तीन दिनों से हर किसी को लग रहा होगा कि यह बिहार के लिए ऐतिहासिक पल है। लगातार बारिश हो रही है और साथ ही विकास योजनाओं की झड़ी भी लगी है।

सम्राट चौधरी ने बताया कि ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम के तहत 1.60 करोड़ महिलाओं से संवाद के बाद 70,000 केंद्रों पर बैठकें आयोजित की गईं। महिलाओं की प्रतिक्रिया के आधार पर सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इनमें प्रत्येक पंचायत में कन्या विवाह भवन निर्माण का फैसला शामिल है, जिनका संचालन जीविका दीदी करेंगी। जीविका दीदी के कैडर कर्मचारियों के मानदेय को दोगुना करने का भी ऐलान किया गया। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार मां जानकी के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर निर्माण की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा, भारत सरकार ने 52 योजनाओं के तहत पथ निर्माण के लिए 33,000 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। पिछले तीन दिनों से इन योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। बिहार का विकास देखना है तो एयरपोर्ट और सड़कों को देखना चाहिए। हमारी सरकार ने हर क्षेत्र में विकास का जाल बिछाया है।

उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा, “बिहार का असली गब्बर लालू यादव है। 1990 से 2005 तक उनके शासन में लोग बिहार से पलायन करने को मजबूर हुए। जनता सब जानती है और बिहार में जितना विकास एनडीए सरकार के दौरान हुआ, उतना कहीं नहीं हुआ। डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए समर्पित है। सत्ता हासिल करने के बाद विपक्ष भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, वहीं एनडीए ने देश और प्रदेश के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी।” उन्होंने कहा कि हमारी सरकार एक करोड़ से अधिक लोगों को पेंशन देने का काम कर रही है। समाज का हर तबका विकास की मुख्यधारा से जुड़े और उसका जीवन स्तर बेहतर बने, हमारी सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने आपदा प्रबंधन पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी विभागों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.