सारण में भीषण हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से जुड़वां भाइयों की मौत; मौके पर मची अफरा-तफरी

Summary :

बिहार के सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर चट्टी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 5 साल के जुड़वां भाई सूरज और सागर की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह उस समय हुआ जब दोनों बच्चे नाश्ते के बाद खेलने के लिए घर से निकले और रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच गए।

बिहार छपरा-सारण के दाउदपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर चट्टी गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब 5 साल के मासूम जुड़वां भाइयों की ट्रेन से मृत्यु हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार सुबह एक भयानक ट्रेन हादसे में जुड़वां भाइयों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक बच्चों की पहचान पांच वर्षीय जुड़वा पुत्रों सूरज और सागर के तौर पर हुई है। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चों ने सुबह नाश्ता किया था। इसके बाद खेलने के लिए घर से निकल गए और रेलवे ट्रैक की तरफ पहुंच गए। इसी दौरान छपरा से दिल्ली आ रही ट्रेन लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए और दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद माँ-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुई ये घटना?

बता दें कि घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर सनसनी और अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही सेकेंड में मौके पर काफी संख्या में भीड़ पहुंच गई और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है।

बूत गया घर का चिराग

पड़ोसियों ने घटना को लेकर बताया है कि मृतक बच्चों के पिता भूखल नट मजदूरी करते हैं। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। हालांकि, अब दोनों बेटों की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पड़ोसी और परिजन लगातार मृतक के परिवार को इस दुखद पल में सांत्वना देने में लगे हुए हैं। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल परिवार से भी जुड़ा है; अगर बच्चा छोटा है, तो उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पूरी तरह आपकी जिम्मेदारी है ताकि ऐसी घटनाएं न हों।

ALSO READ: छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना! एक ही परिवार के 5 लोगों के शव बरामद, आत्महत्या की आशंका

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।