श्री राजपूत करणी सेना की चेतावनी CBI जांच का आदेश दे नीतीश कुमार, अन्यथा विधानसभा चुनाव में समाज करेगा विरोध: बीके सिंह

Summary :

प्रदेश अध्यक्ष बीके सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना सहित अन्य प्रदेश के अध्यक्षों से भी इस मुद्दे पर विचार विमर्श करने के बाद उन्होंने न्याय और समाज का साथ नहीं दे पाने वाली सरकार का विरोध करने का निर्णय लिया है

पटना : श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष  बीके सिंह ने सुशांत मामले की सीबीआई जांच को लेकर मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार से सुशांत के परिजनों, राजपूत समाज और उनके करोडों प्रशंसकों की भावना का ख्याल रखने और न्याय दिलाने को लेकर सीबीआई से जांच के लिए तुरंत निर्णय लेने का आग्रह किया है। 
बोरिंग रोड चैराहे के समीप स्थित प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए  करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष बीके सिंह ने कहा कि सुशांत न सिर्फ अपने परिवार, समाज और प्रशंसकों के लिए बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता रहे, बल्कि हर वर्ग और समाज के युवाओं के लिए एक आईकॉन थे। बहुत कम उम्र में तमाम उपलब्धियां और शोहरत हासिल करनेवाला युवाओं को प्रेरित करने वाला आत्महत्या नहीं कर सकता, सुनियोजित साजिश के तहत उसे शिकार बनाया गया। 
महाराष्ट्र सरकार और वहां की पुलिस ने इस मामले में एक भी सकारात्मक कदम नहीं उठाया। वहां की सरकार ने फिल्म इंडस्ट्री से होनेवाली आय, व्याप्त नेपोटिज्म और आतंकी गिरोह दाउद के गुर्गों  को तरजीह दी, जिससे राजपूत समाज और करोडों प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई। सुप्रीम कोर्ट ने भी सीबीआई जांच की मांग से इंकार कर दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय दिया है। सुशांत के परिजनों, समाज और प्रशंसकों ने सरकार और कोर्ट से कोई असंभव सी मांग नहीं रखी, बल्कि सिर्फ सीबीआई जांच कराने की एकमात्र मांग की। फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जबकि कई साधारण मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गयी है। 
प्रदेश अध्यक्ष बीके सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना सहित अन्य प्रदेश के अध्यक्षों से भी इस मुद्दे पर विचार विमर्श करने के बाद उन्होंने न्याय और समाज का साथ नहीं दे पाने वाली सरकार का विरोध करने का निर्णय लिया है। करणी सेना हमेशा समाज के लोगों के साथ हुई किसी भी घटना का प्रतिकार करने में सक्षम है और  इस मामले में भी राज्य और राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने से नहीं हिचकिचायेगी।  

Desk Team