बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को बिहार की जनता से अपील करते हुए बेरोजगारी और सरकारी संस्थानों के निजीकरण के खिलाफ आज रात 9 बजे 9 मिनट तक घरों की लाइट बंद रखने और दिया-मोमबत्ती और लालटेन जलाने का आह्वान किया है।
चुनावों को देखते हुए आरजेडी नीतीश सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहती है। आरजेडी लगातार राज्य में कोरोना की स्थिति, बाढ़ और बेरोजगारी जैसे तमाम मुद्दों को लेकर बिहार की मौजूदा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।
तेजस्वी ने फेसबुक लाइव में कहा कि देश में बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और पलायन के खिलाफ कई एनजीओ और युवाओं के इस आंदोलन में राजद बढ़-चढ़ कर भाग लेगा। उन्होंने राज्य की इन समस्याओं के समाधान के लिए राजद का ब्लू-प्रिंट शीघ्र राज्यवासियों के समक्ष पेश करने का दावा किया और कहा कि हमारी सरकार बनी तो हम युवाओं के साथ आर्थिक न्याय करेंगे।
उसी दिशा में अभी से काम की शुरुआत करते हुए पोर्टल और टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। मैं खुद मां राबड़ी देवी के साथ घर की लाइटें बंद कर और लालटेन जलाकर इस आंदोलन में शिरकत करूंगा। तेजस्वी ने कहा कि बहुत से व्यवसाइयों और छोटे व्यापार करने वालों का धंधा-रोजगार बंद हो गया है।
सरकार की ओर से भर्ती बंद कर दी गई है। कई साल से परीक्षा नहीं ली जा रही। नौकरियों और आवेदन फॉर्म की फीस के नाम पर सरकार ने अरबों रुपये वसूल कर पूंजीपतियों में बांट दिए। इसलिए डबल इंजन सरकार की ओर थोपी गई इस महामंदी और महाबेरोजगारी के दौर में हम एकजुटता के साथ बेरोजगार मित्रों के साथ हैं।


Download Android App
Download iOS App



