राष्ट्रीय जनता दल के नेता एवं बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य का नौजवान रोज़गार पर सवाल कर रहा है जबकि मुख्यमंत्री ग़ैर ज़रूरी मुद्दों को उठाकर ध्यान भटकाने का असफल प्रयास कर रहे है।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ‘‘ बिहार का नौजवान रोज़गार पर सवाल कर रहा है तो नीतीश जी ग़ैर ज़रूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने का असफल प्रयास कर रहे है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन इस बार युवा इन्हें असल मुद्दों से भटकने नहीं देंगे। ’’
राजद नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना ही पड़ेगा आख़िर क्यों बिहार में बेरोजगारी सबसे ज़्यादा है? बिहार से पलायन क्यों हो रहा है? वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने नीतीश सरकार पर दिवंगत रघुवंश प्रसाद सिंह की अन्तिम इच्छा को पुरा नहीं करने का आरोप लगाया जिसका जिक्र उन्होंने अपने निधन से कुछ दिन पहले लिखे पत्र में किया था ।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि डॉ सिंह ने मृत्यु के तीन दिन पूर्व मुख्यमंत्री को लिखे अपने अन्तिम पत्र में मनरेगा कानून में किसानों की जमीन में भी काम कराने के प्रावधान जोड़ने का अनुरोध किया था और आचार संहिता से बचने के लिए इस आशय का अध्यादेश तुरंत लागू करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि जद(यू) और नीतीश सरकार ने उनके (रधुवंश प्रसाद सिंह) नाम पर घड़ियाली आँसू बहा कर राजनीतिक रोटी सेंकने काम किया लेकिन उनकी अंतिम इच्छा पूरी नहीं की । गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के पुत्र सत्यप्रकाश सिंह एक दिन पहले ही जद(यू) में शामिल हुए हैं ।


Download Android App
Download iOS App



