घटना कहीं भी हो, बिहार के लोग ही होते हैं हताहत : प्रशांत किशोर

Summary :

प्रशांत किशोर: देश में कहीं भी घटना हो, हताहत बिहार के ही लोग होते हैं

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना में हताहत हुए अधिकांश लोग बिहार के हैं। प्रशांत किशोर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जो घटना हुई है, वह दुखद है। हालांकि, देश में कहीं भी कोई घटना होती है तो उसमें हताहत होने वाले लोग बिहार के ही होते हैं और दिल्ली में भी वैसा ही हुआ है।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने भी इस भगदड़ पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दुर्घटना हुई है, कई लोगों की जान गई और कई लोग हताहत हुए हैं। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और गहरी संवेदना व्यक्त की है। मगर विपक्ष के नेता इस मुद्दे पर बयानबाजी कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की उम्मीद में यात्रियों की भारी भीड़ प्लेटफॉर्म नंबर 14-15 पर पहुंची। उसी समय यह घटना हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि 16 मृतकों की पहचान हो चुकी है। दो लोगों की पहचान अभी भी नहीं हो पाई है। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ और उसमें 18 लोगों की मौत के संबंध में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी रैंक के अधिकारी जांच दल का नेतृत्व कर रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.