सोनू निगम ने एक कॉन्सर्ट में कन्नड़ गाना गाने की फैन की मांग पर विवादित टिप्पणी की, जिससे पहलगाम हमले की तुलना की गई। इस बयान के बाद सिंगर पर FIR दर्ज की गई है। लोग सोशल मीडिया पर सोनू को ट्रोल कर रहे हैं और कॉलेज प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मशहूर सिंगर सोनू निगम एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई हिट गाना नहीं, बल्कि उनकी एक विवादित टिप्पणी है। बता दें, बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान सोनू निगम ने एक फैन की कन्नड़ गाना गाने की मांग पर ऐसी बात कह दी, जिस पर अब विवाद खड़ा हो गया है।
“इस तरह के रवैये”
हुआ यूं कि कॉन्सर्ट के दौरान जब एक फैन ने सोनू से कन्नड़ गाना गाने की गुजारिश की, तो उन्होंने मंच से जवाब देते हुए कहा कि वे उस दर्शक के जन्म से पहले से कन्नड़ गा रहे हैं। वहीं सिंगर ने इस गुजारिश को अपमानजनक रूप में लेते हुए कहा कि “यही वजह है कि पहलगाम हमला हुआ, इस तरह के रवैये की वजह से” सिंगर के ऐसे बयान के बाद कॉन्सर्ट में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए हैं।यही वजह है अब लोग सोशल मीडिया पर सोनू निगम को ट्रोल कर रहे हैं।
सिंगर पर शिकायत दर्ज
इस विवाद के बाद सोनू निगम के खिलाफ बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई है। कई लोगों का मानना है कि इतने गंभीर आतंकी हमले की तुलना किसी फैन की रिक्वेस्ट से करना बेहद गलत है। इसके तहत सिंगर पर लोगों की भावनाएं आहत करने और मंच से गलत बयान देने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद मामला अब कानून के हाथों में जा चुका है।
इतना ही नहीं कॉन्सर्ट के बाद कॉलेज प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ संगठनों ने कॉलेज के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है और कार्यक्रम में ऐसी बातों को अनुमति देने पर नाराजगी जताई है।
Kapoor Family पर टूटा दुखों का पहाड़, Janhvi Kapoor की दादी का हुआ निधन
“कर्नाटक घर जैसा”
वहीं विवाद के बढ़ने के बाद सोनू निगम ने मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी भाषा या समुदाय का अपमान करने का नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका कन्नड़ संगीत से पुराना नाता रहा है और हर बार जब वो कर्नाटक आते हैं, उन्हें घर जैसा महसूस होता है। सोनू ने ये भी बताया कि वो विदेशों में भी कन्नड़ गाने गाते हैं और उन्हें वहां भी खूब सराहा जाता है। उन्होंने आगे कहा कि ये सिर्फ उस पल की प्रतिक्रिया थी, इसका उनके विचारों से संबंध नहीं है।
बता दें, सोनू निगम ने ‘मुगारु माले’, ‘मिलना’ और ‘गालिपता’ जैसी कई कन्नड़ फिल्मों में गाने गाए हैं, जो बहुत पसंद किए गए हैं। फिलहाल मामला गर्माया हुआ है और अब देखना होगा कि ये मामला आगे क्या रुख लेता है।


Download Android App
Download iOS App







