सांप के बाद केआरके ने उगला सलमान खान पर अपना ज़हर, ट्वीट कर भाईजान को किया ट्रोल

Summary :

केआरके ने एक बार फिर सलमान खान पर निशाना साधा है। उन्होंने सांप के काटने की घटना को लेकर सलमान का मजाक उड़ाया है, जिसकी वजह से वह यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं।

बॉलीवुड क्रिटिक कमाल आर खान अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। वह अक्सर कुछ न कुछ ऐसा कह देते हैं, जिससे वह सुर्खियों आ जाते हैं। केआरके ने एक बार फिर सलमान खान पर निशाना साधा है। उन्होंने सांप के काटने की घटना को लेकर सलमान का मजाक उड़ाया है, जिसकी वजह से वह यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। केआरके को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। 
दरअसल, केआरके ने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें उन्होंने लिखा, ‘बहुत से लोग सांप की आलोचना कर रहे हैं जो पूरी तरह से गलत है। सांप ने अपना काम अच्छे से किया और उसके पास पर्याप्त जहर भी था। लेकिन दुर्भाग्य से, पीड़ित के पास उससे ज़्यादा जहर था। इसलिए बेचारा सांप मर गया है।’ केआरके के इस ट्वीट पर यूजर्स रिएक्शन दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इस ट्वीट पर आपत्ति भी जाहिर की है। एक यूजर ने लिखा, जहर तो आपमें भी कूट के भरा है। आप लोगों के दर्द का मजाक उड़ाते हो, अल्लाह से खौफ करो। 

दूसरे ने लिखा, बकवास बंद करो। आप हद पार कर रहे हो। एक और यूजर ने लिखा, ये बात आपकी मुझे अच्छी नहीं लगी। इस तरह किसी का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए। मालूम हो कि सलमान खान के साथ हाल ही में एक बड़ी घटना हुई थी। पनवेल वाले फॉर्महाउस पर एक सांप ने उन्हें काट लिया था, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा। हालांकि, वह इलाज शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद ठीक हो गए थे। इसके बाद सलमान ने परिवार और दोस्तों के साथ अपना बर्थडे भी सेलिब्रेट किया था।  

हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद सलमान खान ने इस घटना को लेकर मीडिया से बातचीत भी की थी। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘एक सांप फार्म हाउस के अंदर घुस आया था, मैंने लकड़ी के सहारे उसे दूर फेंकने की कोशिश की। लेकिन इतने में ही वो मेरे हाथ पर चढ़ गया, ऐसे में मैंने सांप को बाहर छोड़कर आने के लिए दूसरे हाथ में ले लिया तो उसने मुझे तीन बार डस लिया। मैं 6 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहा लेकिन अब मैं ठीक हूं।’ 
सलमान खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘कभी ईद कभी दीवाली’ और ‘किक 2’ में नजर आएंगे। यही नहीं सलमान खान अपने खास दोस्त आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ में कैमियो करते नजर आएंगे और शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ में भी उनका छोटा सा रोल है। सलमान खान फिलहाल ‘टाइगर 3’ की शूटिंग कर रहे हैं, जो लगभग खत्म होने वाली है।  

Desk Team