फिल्म Akshardham Operation के साथ फिर लौट रहे Akshaye Khanna, फिर दिखेगी दमदार एक्टिंग

Summary :

अक्षरधाम ऑपरेशन: आतंक के खिलाफ साहस की कहानी

अभिनेता अक्षय खन्ना की एक्शन ड्रामा फिल्म ‘स्टेट ऑफ सीज : टेम्पल अटैक’ 9 जुलाई 2021 को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। अब, पांच साल बाद यह फिल्म नए टाइटल ‘अक्षरधाम ऑपरेशन वज्र शक्ति’ के साथ 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर रिलीज डेट अनाउंस करते हुए फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में मंदिर के खंभों की छाया में एक सशस्त्र कमांडो की आकृति नजर आती है, जो फिल्म की गंभीरता को दिखाती है।

पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा है, “आतंक के खिलाफ अदम्य साहस की कहानी। साहस और बलिदान की कहानी। अक्षरधाम ऑपरेशन वज्र शक्ति के साथ 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

केन घोष के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2002 में गुजरात के गांधीनगर में स्थित अक्षरधाम मंदिर पर हुए आतंकी हमले की सिनेमाई प्रस्तुति है। यह उस ऑपरेशन पर भी प्रकाश डालती है, जिसमें आतंकियों को खत्म किया गया था। यह फिल्म ‘स्टेट ऑफ सीज : 26/11’ वेब सीरीज का सीक्वल है, जो 2008 के मुंबई हमलों पर आधारित थी।

फिल्म में अक्षय खन्ना ‘मेजर हनुत सिंह’ (एनएसजी अधिकारी), गौतम रोडे ‘मेजर समर’, विवेक दहिया ‘कैप्टन रोहित बग्गा’, अक्षय ओबेरॉय ‘कैप्टन विवेक’, अभिलाष चौधरी ‘आतंकी इकबाल’, परवीन ‘कर्नल नागर’, समीर सोनी गुजरात के सीएम, अभिमन्यु सिंह ‘अबु हमजा’, मिर्जा सरवर ‘बिलाल नाइकू’, मंजरी फडणवीस ‘सलोनी’, चंदन रॉय ‘मोहसिन’ और शिवम भार्गव ‘कैप्टन अबरार खान’ की भूमिका में हैं।

फिल्म Akshardham Operation के साथ फिर लौट रहे Akshaye Khanna

जी स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी तेजल ने की है, जबकि संपादन मुकेश ठाकुर ने किया है। पटकथा विलियम बोर्थविक और साइमन फैंटाउजो ने लिखी है। अभिमन्यु सिंह और कंटीले पिक्चर्स के सहयोग से बनी ‘अक्षरधाम: ऑपरेशन वज्र शक्ति’ 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अक्षय खन्ना के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी पिछली रिलीज ‘छावा’ थी, जिसमें वह मुगल शासक औरंगजेब की भूमिका में नजर आए थे। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.