छेड़छाड़ के आरोपों पर प्राचीन चौहान ने तोड़ी चुप्पी, ‘सच्ची कहानी बहुत जल्द लोगों के सामने लाऊंगा’

Summary :

पुलिस द्वारा छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार अभिनेता प्राचीन चौहान ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में बताया है कि उनपर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। वो जल्द ही सभी के बीच सच्ची कहानी बताएंगे।

 ‘कसौटी जिंदगी के’ फेम एक्टर प्राचीन चौहान इन दिनों एक मुसीबत में फंसे हुए हैं। प्राचीन को हाल ही में मुंबई की मलाड ईस्ट पुलिस ने अरेस्ट कर लिया था। अभिनेता को 22 वर्षीय एक लड़की से छेड़छाड़ के आरोप के बाद हिरासत में लिया गया था। हालांकि ये लड़की शोबिज इंडस्ट्री में भी काम कर रही है। लड़की ने आरोप लगाया कि अभिनेता ने नशे में उसे गलत तरीके से छुआ। शनिवार दोपहर को प्राचीन को बोरीवली कोर्ट में पेश किया गया और बाद में उन्हें जमानत दे दी गई। इस मामले पर प्राचीन चौहान ने अब अपनी चुप्पी तोड़ दी है। 
दिए इंटरव्यू में प्राचीन ने कहा, ‘मैं अभी इस बारे में बात नहीं करना चाहता, मैं पूरी तरह टूट गया हूं। कुछ भी बोलने या बयान देने से पहले मैं अपने वकील से इस बारे में बात करूंगा। फिलहाल के लिए मैं बस इतना कह सकता हूं कि ये झूठा केस है, सच्चा कहानी मैं जल्दी सबके सामने लाऊंगा अपने आधिकारिक बयान के साथ। जब मुझे इस मामले पर पूरी स्पष्टता हो जाएगी, तब मैं बताऊंगा कि सच्ची कहानी क्या है’। 
इससे पहले शनिवार को मलाड के कुरार गांव पुलिस थाने से सीनियर पीआई प्रकाश बेले ने टीओआई को बताया था, ‘शिकायतकर्ता को एक दोस्त के साथ आरोपी ने 30 जून को अपने घर पर बुलाया था। आरोपी नशे में था और उसने लड़की को गलत तरीके से छुआ था। उसे आज बोरीवली अदालत में पेश किया गया और उसे जमानत दे दी गई है।’ प्राचीन चौहान टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हैं। उन्होंने अब तक कई सुपरहिट शोज में काम किया है।

Desk Team