मशहूर म्यूजिशियन और सिंगर एआर रहमान के बेटे एआर अमीन को लेकर सोमवार सुबह एक चिंताजनक खबर सामने आई। दरअसल अमीन चेन्नई के गिंडी इलाके में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा 10 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में अमीन और उनके दोस्त को सीरियस चोटें नहीं आईं और थोड़ा इलाज करने के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कैब से हुई अमीन की कार की टक्कर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एआर अमीन अपने एक दोस्त के साथ कार में गिंडी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास एक साइड रोड से आ रही कैब उनकी कार से टकरा गई। टक्कर काफी तेज थी, जिसके चलते दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि हादसे के बाद आसपास में मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
अमीन और दोस्त को अस्पताल ले जाया गया

दुर्घटना के तुरंत बाद एआर अमीन और उनके दोस्त को इलाज के लिए कावेरी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों की जांच की और उसके बाद उनका ट्रीटमेंट किया। हालांकि मामूली चोटों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और दोनों सेफली घर लौट गए।
कैब सवार ट्रेवलर भी हुआ घायल

हादसे में कैब सवार एक ट्रेवलर को भी चोटें आईं। उसे इलाज के लिए कलैगनार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। फिर इलाज के बाद उसे भी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल दुर्घटना में शामिल सभी लोगों की हालत ठीक बताई जा रही है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इन्वेस्टिगेशन विंग दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं अब यह पता लगाया जा रहा है कि टक्कर किस वजह से हुई और इसमें गलती किसकी थी।
पिता एआर रहमान की राह पर आगे बढ़ रहे हैं अमीन

एआर अमीन भी अपने पिता एआर रहमान की तरह म्यूज़िक की दुनिया में पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वह कई प्रोजेक्ट्स में बतौर प्लेबैक सिंगर अपनी आवाज दे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ के गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ के तमिल वर्जन में अपनी आवाज दी है। इसके अलावा वो जसलीन रॉयल, दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर के साथ इंडिपेंडेंट म्यूजिक ट्रैक ‘भीगी भीगी’ में भी नजर आ चुके हैं। इसी बीच वो अपने म्यूजिक और आवाज के चलते युवा लोगों के बीच भी अपनी जगह बना रहे हैं।
कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं एआर रहमान

दूसरी ओर, एआर रहमान भी अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर बिज़ी हैं। उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स में ‘रामायण’, ‘बंटवारा 1947’ और ‘मून वॉक’ जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इसके अलावा धनुष और निर्देशक मारी सेल्वराज के साथ उनका एक अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट भी चर्चा में है। म्यूज़िक की दुनिया में लंबे समय से एक्टिव रहने वाले एआर रहमान लगातार नए प्रोजेक्ट्स के साथ दर्शकों के बीच बने हुए हैं।
Read More: Arijit Singh ने क्यों छोड़ी प्लेबैक सिंगिंग? अमाल मलिक ने बताई सारी सच्चाई



Download Android App
Download iOS App




