देश के मशहूर संगीतकारों में से एक एआर रहमान ने अपने करियर में तमिल और हिंदी में कई फिल्मों के लिए सैकड़ों गाने तैयार किए हैं। एआर रहमान बीते दिनों अपनी वाइफ को स्टेज पर हिंदी की बजाय तमिल में बोलने को लेकर खबरों में छाए हुए थे। सिंगर अपनी मातृभाषा तमिल से बहुत ज्यादा प्यार करते हैं। अक्सर वह अपनी भाषा को खुलकर सपोर्ट करते हुए दिखते हैं। अब एक बार फिर एआर रहमान सुर्खियों में बने हुए हैं।

एआर रहमान की तगड़ी फैन फॉलोइंग है, उनकी आवाज का जादू हर किसी के सिर चढ़कर बोलता है। सिंगर को लाइव परफॉर्म करता देखने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। उनके हर शो में भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। महाराष्ट्र के पुणे में बीती रात ऑस्कर विनर संगीतकार और गायक एआर रहमान का म्यूज़िक कॉन्सर्ट चल रहा था। जहां अचानक पुलिस पहुंच गई और कॉन्सर्ट को बंद करवा दिया गया। दरअसल पुणे के राजा बहादुर मिल इलाके में हो रहे इस कॉन्सर्ट में रात 10 बजे के बाद कॉन्सर्ट की इजाजत नहीं थी।

ऐसे में पुलिसकर्मी कॉन्सर्ट में पहुंचे और वहां स्टेज पर जाकर शो को रुकवा दिया। जिस दौरान ये सब हुआ उस समय एआर रहमान परफॉर्म कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में देखा जा सकता है कि एआर रहमान माइक लिए स्टेज पर गाना गा रहे हैं। इसी दौरान वहां स्टेज पर चढ़कर एक पुलिस अधिकारी कॉन्सर्ट को रोकने का इशारा करता दिख रहा है। पुलिस के शो रुकवाने के बाद एआर रहमान बैकस्टेज चले गए और कार्यक्रम बंद हो गया।

हालांकि पुलिस द्वारा कॉन्सर्ट बंद कराए जाने को लेकर सिंगर की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मगर एआर रहमान ने इंस्टाग्राम पर अपने पुणे म्यूज़िक कॉन्सर्ट की फोटोज शेयर की है जिसमें वो स्टेज पर परफॉर्म करते दिखाई दे रहे हैं। फोटोज को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में प्यार देने के लिए पुणे का शुक्रिया अदा किया है और साथ ही ये वादा भी किया है कि जल्द वो फिर से वहां आएंगे और लोगों के लिए गाना गाएंगे।

बता दें कि पुण में हुए इस कॉन्सर्ट में ना सिर्फ एआर रहमान बल्कि बिग बॉस 16 फेम सिंगर अब्दु रोज़िक ने भी परफॉर्म किया था। अब्दु ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कॉन्सर्ट की कई तस्वीरें और वीडियोज़ भी शेयर किये हैं। उनके द्वारा शेयर किए एक वीडियो में शिव ठाकरे भी नजर आ रहे हैं। शिव ठाकरे ने बिग बॉस 16 में अपने गेम से लोगों का दिल जीत लिया था। अब जल्द ही वो खतरों के खिलाड़ी में हिस्सा बनने वाले हैं।


Download Android App
Download iOS App



