Box Office Collection: वीकेंड किसी भी फिल्म के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ बढ़ती है और फिल्मों की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिलता है। इस बार भी बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। भूत बंगला, राजा शिवाजी और हाल ही में रिलीज हुई ‘कृष्णावतारम् पार्ट 1: द हार्ट’ ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अपनी-अपनी तरफ से अच्छा प्रदर्शन किया है।
Bhooth Bangla Box Office Collection: ‘भूत बंगला’ की कमाई जारी

अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ को रिलीज हुए 23 दिन हो चुके हैं, लेकिन फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। 23वें दिन फिल्म ने 4,115 शोज के साथ करीब 3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 154.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 183.63 करोड़ रुपये हो चुका है।
विदेशों में भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 23वें दिन ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने लगभग 0.15 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद इसका विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 53 करोड़ रुपये तक पहुंच गया और दुनियाभर में फिल्म अब तक कुल 236.63 करोड़ रुपये का ग्रॉस बिजनेस कर चुकी है।
Raja Shivaji Box Office Collection: ‘राजा शिवाजी’ ने बनाए रखा दम

रितेश देशमुख की पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ भी सिनेमाघरों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 1 मई को रिलीज हुई इस फिल्म ने 9वें दिन यानी शनिवार को 5.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म को 3,962 शोज मिले और दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
अब तक फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 61.45 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 72.91 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म की कहानी और रितेश देशमुख की एक्टिंग को दर्शकों से काफी तारीफें मिल रही हैं।
Krishnavataram Box Office Collection: ‘कृष्णावतारम्’ का ठीक-ठीक प्रदर्शन
कृष्णावतारम् पार्ट 1: द हार्ट का यह पहला वीकेंड रहा और नई स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म ने ठीक-ठाक शुरुआत की है। सिद्धार्थ गुप्ता स्टारर इस फिल्म ने तीसरे दिन 1,713 शोज के जरिए 2.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 3.82 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 4.57 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। लिमिटेड प्रमोशन और नए कलाकारों के बावजूद फिल्म की कमाई को अच्छा माना जा रहा है।
तीनों फिल्मों का प्रदर्शन
‘भूत बंगला’ (Day 23) — 3 करोड़ रुपये
‘राजा शिवाजी’ (Day 9) — 5.60 करोड़ रुपये
‘कृष्णावतारम्’ (Day 3) — 2.25 करोड़ रुपये
हालांकि इन तीनों फिल्मों की सीधी तुलना करना सही नहीं होगा, क्योंकि सभी अलग-अलग समय पर रिलीज हुई हैं। फिर भी वीकेंड के नजरिए से देखा जाए तो तीनों फिल्मों ने अपनी सिचुएशन के हिसाब से बेहतर प्रदर्शन किया है।
जहां ‘भूत बंगला‘ लगभग एक महीने बाद भी करोड़ों की कमाई कर रही है, वहीं ‘राजा शिवाजी’ अपने दूसरे हफ्ते में भी अच्छी पकड़ बनाए हुए है। लेकिन, कम प्रोमोशन और नई स्टारकास्ट के बावजूद ‘कृष्णावतारम्’ ने शुरुआती दिनों में मेकर्स की उम्मीद जगाई है।
Read More: जल्द ही बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होगी ‘Dhurandhar 3’, को-प्रोड्यूसर Jyoti Deshpande ने दिया बड़ा हिंट


Download Android App
Download iOS App





