Coldplay सिंगर Chris Martin गर्लफ्रेंड के साथ पहुंचे महाकुंभ, लगा सकते हैं पावन डुबकी

Summary :

महाकुंभ में गर्लफ्रेंड संग पहुंचे Coldplay सिंगर Chris Martin

ब्रिटिश बैंड कोल्डप्ले के फ्रंट मैन क्रिस मार्टिन और उनकी गर्लफ्रेंड हॉलीवुड अभिनेत्री डकोटा जॉनसन सोमवार की शाम ‘महाकुंभ 2025’ में पहुंचे। दोनों को मेले के बीच देखा गया। क्रिस मार्टिन और डकोटा को कार में बैठे देखा गया। भीड़ के बीच गुजरते हुए उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। 16 जनवरी से क्रिस और उनकी गर्लफ्रेंड भारत दौरे पर हैं। महाकुंभ में आने से पहले भी क्रिस ने अपने कॉन्सर्ट के दौरान कई मौकों पर भारतीयों का दिल जीत लिया। मुंबई में उन्होंने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया और अहमदाबाद में ‘वंदे मातरम’ गाकर फैंस के दिलों को सुकून पहुंचाया।

क्रिस मार्टिन पहुंचे प्रयागराज

सामने आई झलक में क्रिस मार्टिन और उनकी प्रेमिका डकोटा जॉनसन एक कार में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। भारतीय परंपराओं का सम्मान करते हुए इस जोड़े ने भगवा रंग के कपड़े पहने हुए थे। जैसे ही पपराजी उनके पास पहुंचे प्रेमी जोड़े बेहद उत्साहित दिखे और पवित्र शहर में भीड़ के बीच से अपना रास्ता बनाते हुए आगे बढ़े। कुछ दिन पहले क्रिस मार्टिन और डकोटा जॉनसन को मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में आशीर्वाद लेते देखा गया था। मंदिर की यात्रा के दौरान इन दोनों के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे भी थीं। ‘फिफ्टी शेड्स ऑफ ग्रे’ की अभिनेत्री को अपने सिर को भगवा घूंघट से ढके हुए देखा गया था। क्रिस मार्टिन और डकोटा जॉनसन ने मुंबई के प्रतिष्ठित श्री बाबुलनाथ मंदिर में भी प्रार्थना की थी।

गणतंत्र दिवस पर किया कॉन्सर्ट

कोल्डप्ले के लीड सिंगर क्रिस मार्टिन ने रविवार को अहमदाबाद में आयोजित कॉन्सर्ट में ‘वंदे मातरम’ और ‘मां तुझे सलाम’ जैसे क्लासिक गाने गाकर 76वें गणतंत्र दिवस को और भी स्पेशल बना दिया था। दर्शकों ने उनके भावपूर्ण प्रदर्शन को खूब सराहा और उत्साहित होकर तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राष्ट्र के नाम अपने आखिरी शो की शुरुआत करते हुए गायक ने दर्शकों का उत्साहवर्धन करने के लिए वंदे मातरम गाते हुए कहा, ‘भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं!’

Anjali Dahiya

अंजलि दहिया पिछले 3 वर्षों से एक पैशनेट लाइफस्टाइल और बॉलीवुड कंटेंट राइटर हैं, जिनकी बीट लाइफस्टाइल, बॉलीवुड, ज्वेलरी, और फैशन है। वे सेलिब्रिटी न्यूज़, फिल्म फ़ीचर्स, फ़ैशन, वेलनेस और पॉप कल्चर से जुड़ी कहानियों में भी माहिर है, जो एंटरटेनमेंट को रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जोड़ती हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ कम्यूनिकेशन व कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट का डिप्लोमा की पढ़ाई की है।