Dhurandhar 2 In Pakistan: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ‘धुरंधर 2’ के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो और रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई। खासकर पाकिस्तान से सामने आए कई वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा, जिनमें फिल्म को लेकर दर्शकों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। कई पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर्स ने इंस्टाग्राम पर ये दावा किया है कि वहां लोग रात से ही फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फिल्म स्ट्रीमिंग के लिए एवेलेबल हुई, वैसे ही बड़ी तादात में लोगों ने एक साथ इसे देखना शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म पर तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं और कई बार तो नेटफ्लिक्स क्रैश होता हुआ भी दिखाई दिया।
Dhurandhar 2 On Netflix: पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स हुआ क्रेश

एक पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने एक वीडियो में कहा है कि पाकिस्तान में ‘धुरंधर 2’ को लेकर लोगों में अलग ही एक्साइटमेंट देखने को मिला है। उनके मुताबिक, रात 12 बजे से ही दर्शक नेटफ्लिक्स पर फिल्म के आने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने ये भी बताया कि फिल्म देखते समय बार-बार बफरिंग की समस्या आ रही थी। क्रिएटर ने दावा किया कि उनके इंटरनेट में कोई परेशानी नहीं थी, बल्कि समस्या प्लेटफॉर्म की तरफ से थी। हालांकि, नेटफ्लिक्स ने अब तक सर्वर क्रैश को लेकर कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया है।
Dhurandhar 2 Trending In Pakistan: पाकिस्तान में धुरंधर 2 का ट्रेंड

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक और वीडियो में माविया ने दावा किया कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स की नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म बन चुकी है। इस दावे के बाद भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स भी फिल्म को लेकर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं।
अगर बात करें फिल्म की तो इसकी कहानी जस्किरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी नाम के एक अंडरकवर एजेंट पर आधारित है। उसे पाकिस्तान के खतरनाक ल्यारी इलाके में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर भेजा जाता है। अपने मिशन को सफल बनाने के लिए वह बलोच गैंग में शामिल हो जाता है और दुश्मनों के बीच रहकर सीक्रेट तरीके से काम करता है।
Dhurandhar 2 News: धुरंधर 2 के बारे में क्या है खास?

आपको बता दें कि फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी। इसके पहले पार्ट ने दुनियाभर में लगभग 1400 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि सीक्वल ने 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करके बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि नेटिजन्स से फिल्म को मिले-जुले रिएक्शन मिले, लेकिन दर्शकों ने इसे भरपूर प्यार दिया।
Dhurandhar 2 In Pakistan: धुरंधर 2 इंडिया में ओटीटी पर कब होगी रिलीज?

अब भारतीय दर्शक भी फिल्म की ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ भारत में 4 जून 2026 को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम की जा सकती है। खबर है कि प्लेटफॉर्म इसकी रिलीज को खास बनाने के लिए एक बड़े डिजिटल इवेंट की तैयारी कर रहा है। वहीं, इंटरनेशनल वर्जन को लेकर भी चर्चा तेज है, बताया जा रहा है कि विदेशी दर्शकों के लिए ‘धुरंधर 2: रॉ एंड अनकट’ एडिशन रिलीज किया गया है, जिसमें थिएटर वर्जन से हटाए गए कई अनकट और बिना सेंसर वाले सीन शामिल हैं। इसी वजह से इस वर्जन को पहले से ज्यादा डार्क, वायलेंट और इंटेंस माना जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App




