सलमान खान की ‘Tiger 3’ में नजर नहीं आएंगे इमरान हाशमी? एक्टर ने खुद किया ये खुलासा

Summary :

खबरों के अुनसार सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर 3’ में इमरान हाशमी पाकिस्तान के आईएसआई एजेंट उर्फ ‘पाकिस्तान के ​​टाइगर’ का रोल निभा रहे हैं। अब इसपर इमरान हाशमी ने अपना बयान दिया है।

उस वक्त फैन्स की खुशी का ठिकाना नहीं रहा था जब खबरें आईं कि सलमान खान और कटरीना कैफ स्टारर ‘टाइगर 3’ में इमरान हाशमी भी नजर आएंगे। यहां तक कहा गया कि इमरान फिल्म में विलन का रोल प्ले करेंगे और उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी है। लेकिन अब इमरान हाशमी ने जो कहा है, उससे फैन्स को करारा झटका लग सकता है।
इस समय भाई जान कैटरीना कैफ के साथ रूस में शूटिंग कर रहे हैं। इमरान हाशमी ने कहा है कि वह न तो ‘टाइगर 3’ का हिस्सा हैं और न ही उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग की है। इमरान हाशमी से जब ‘टाइगर 3’ में सलमान संग शूट करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘आपसे किसने कहा कि मैंने इसकी शूटिंग कर ली है? लोग खुद ऐसी बातें कर रहे हैं, लेकिन फिल्म की कोई शूटिंग नहीं की है। बल्कि मैं तो इस फिल्म का हिस्सा ही नहीं हूं। मुझे नहीं पता कि आखिर लोग इस तरह की बातें क्यों कर रहे हैं? मैंने न तो कभी ऐसा कोई स्टेटमेंट दिया और न ही कभी कहा कि मैं यह फिल्म कर रहा हूं।’
इमरान हाशमी का यह स्टेटमेंट चौंकाने वाला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इमरान अपनी आने वाली फिल्म ‘चेहरे’ की वजह से ‘टाइगर 3’ को लेकर ऐसी बातें बोल रहे हैं। इमरान का यह स्टेटमेंट इसलिए भी हैरान करता है क्योंकि कुछ महीने पहले जब ऐसी खबरें आई थीं कि इमरान हाशमी सलमान खान स्टारर ‘टाइगर 3’ का हिस्सा हैं तो इस बारे में इमरान हाशमी ने बताया था कि उनका सपना है कि सलमान खान के साथ काम करने का मौका मिले। वह ‘टाइगर’ फ्रेंचाइजी में भी काम करना चाहेंगे। तब इमरान ने यह भी कहा था कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि सलमान के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
अब इमरान हाशमी वाकई ‘टाइगर 3’ का हिस्सा हैं या नहीं, यह तो आने वाले वक्त में ही पता चलेगा। लेकिन इमरान ने जो कहा है उससे फैन्स का दिल टूट सकता है क्योंकि इमरान काफी वक्त से अपनी बॉडी पर काम कर रहे थे। जिम में खूब पसीना बहा रहे थे। यह तक कहा जा रहा था कि इमरान हाशमी के एंट्री सीन पर करोड़ों खर्च किए जाएंगे। ‘टाइगर 3’ की फिलहाल रूस में शूटिंग चल रही है। सलमान खान वहां कटरीना कैफ के साथ कुछ खास ऐक्शन सीन्स की शूटिंग कर रहे हैं। शूट लोकेशन से कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। फिल्म से सलमान और कटरीना का लुक भी लीक हो चुका है।

Desk Team