Hanuman Ansh Box Office Collection: ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर ‘चमत्कार’! 24वें दिन की कमाई देखकर बड़ी-बड़ी फिल्में पस्त

Summary :

नीम करौली बाबा के जीवन पर बेस्ड फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। सिर्फ 1.8 से 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 24वें दिन रविवार को 12.75 करोड़ की बंपर कमाई की है। फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 47.33 करोड़ पहुंच गया है और यह जल्द ही 50 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली है।

इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर बड़ी-बड़ी एक्शन और कॉमेडी फिल्मों का पसीना छूट रहा है, वहीं एक छोटे बजट की धार्मिक और भक्ति पर बनी फिल्म ने थिएटर्स में गदर मचा रखा है। हम बात कर रहे हैं संत नीम करौली बाबा के जीवन और नॉर्म्स पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की। इस फिल्म ने यह साबित कर दिया है कि अगर कहानी में दम हो और कंटेंट दिल को छू लेने वाला हो, तो दर्शकों का प्यार मिलने से कोई रोक नहीं सकता। सिर्फ 2 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अब 50 करोड़ रुपये के मील के पत्थर को छूने की कगार पर खड़ी है।

24वें दिन रविवार को आया ऐसा तूफान, कमाई देखकर मेकर्स के भी उड़े होश

Hanuman Ansh Box Office Collection
Hanuman Ansh Box Office Collection ( Source: Social Media)

आमतौर पर किसी भी फिल्म की कमाई तीसरे या चौथे हफ्ते तक आते-आते सुस्त पड़ जाती है। लेकिन ‘हनुमान अंश‘ के साथ कुछ अलग ही चमत्कार देखने को मिल रहा है। फिल्म ने अपने रिलीज के 24वें दिन यानी रविवार को अब तक का सबसे बड़ा कलेक्शन दर्ज किया है। सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 12.75 करोड़ रुपये का ताबड़तोड़ बिजनेस किया। शनिवार को भी फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये कमाए थे। वीकेंड पर दर्शकों की भारी भीड़ के चलते सिनेमाघरों में 55 फीसदी से ज्यादा की ऑक्यूपेंसी देखी गई।

10 लाख की ओपनिंग से 47 करोड़ का सफर, ‘वर्ड ऑफ माउथ’ ने बदला फिल्म का भाग्य

Hanuman Ansh Box Office Collection
Hanuman Ansh Movie ( Source: Social Media)

आपको जानकर हैरानी होगी कि जिस फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये से अपना खाता खोला था, आज उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। लोगों के मुंह से मिली तारीफ यानी ‘वर्ड ऑफ माउथ‘ के दम पर फिल्म की कमाई दिन-ब-दिन बढ़ती ही चली गई। फिल्म का नेट कलेक्शन अब 40.13 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 47.33 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। जिस फिल्म को बनाने में मेकर्स ने सिर्फ 1.8 से 2 करोड़ रुपये खर्च किए थे, उसने अपनी लागत से 20 गुना ज्यादा कमाई करके ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी चौंका दिया है।

नीम करौली बाबा की सीख और सादगी ने जीता दर्शकों का दिल

Hanuman Ansh Collection
Hanuman Ansh Collection ( Source: Social Media)

दर्शकों को आजकल सिर्फ तेज गाने और मार-धाड़ वाली फिल्में ही पसंद नहीं आ रही हैं, बल्कि वे ऐसी कहानियों से भी जुड़ना चाहते हैं जो उनके मन को शांति दे। ‘हनुमान अंश‘ में संत नीम करौली बाबा के जीवन दर्शन, निष्काम सेवा, और भगवान के प्रति एक भक्त के अटूट विश्वास को बहुत ही सादगी और खूबसूरती के साथ पर्दे पर उतारा गया है। यही वजह है कि परिवार के साथ लोग इस फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स पर पहुंच रहे हैं।

फिल्म में बिना किसी बड़े स्टार के भी कलाकारों ने जान फूंक दी है। संत नीम करौली बाबा के रोल में शोभिनाव सत्या ने कमाल की एक्टिंग की है। उनके साथ चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, विहान शेडगे और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकारों ने बेहतरीन काम किया है, जबकि इसको डायरेक्ट विशाल चतुर्वेदी ने किया है। कमाई की इस रफ्तार को देखकर साफ है कि फिल्म 1-2 दिन में 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।

Read More: ‘3 Idiots’ विवाद पर सोनम वांगचुक ने आमिर खान को दिया करारा जवाब, कहा- ‘उन्हें शॉर्ट टर्म मेमोरी..

Mahima Bhardwaj

महिमा भारद्वाज पिछले एक साल से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में बतौर कंटेंट राइटर काम कर रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत Hindustan Times में की, जहाँ उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और ट्रेंडिंग टॉपिक्स से जुड़ा कंटेंट लिखा। इस दौरान उन्हें न्यूज़ रिसर्च, कंटेंट राइटिंग, हेडलाइन ड्राफ्टिंग और SEO फ्रेंडली आर्टिकल्स तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव मिला। महिमा को बॉलीवुड से जुड़ी खबरें, फिल्म रिव्यू, सेलेब्रिटी अपडेट्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स पर लिखना पसंद है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ उन्हें इंटरव्यू और मीडिया से जुड़े कामों में भी रुचि है। फिलहाल महिमा भारद्वाज Punjab Kesari में Bollywood Writer के रूप में काम कर रही हैं।