मेगास्टार अमिताभ बच्चन फिलहाल शूजीत सिरकार की फिल्म ‘गुलाबो सीताबो’ की शूटिंग के लिए लखनऊ में हैं । लखनऊ में शूटिंग के दौरान सेट पर अमिताभ की एक झलक पाने के लिए फैंस की भीड़ लग जाती है।

अमिताभ लखनऊ में एक पांच-सितारा होटल में ठहरे हैं। होटल के कर्मचारियों की इस दौरान उन्हें लजीज अवधी भोजन खिलाने की चाह थी, हालांकि उनकी ये कोशिश पूरी नहीं हो पाई।

होटल के एक सहायक शेफ ने कहा, हम उनको कबाब और मटन के व्यंजन जैसे कि ‘निहारी’ परोसना चाहते थे, लेकिन वह केवल शाकाहारी भोजन खाने के इच्छुक लग रहे हैं।

शेफ ने यह भी कहा कि खाने के मामले में वह काफी मितव्ययी हैं। ब्रेकफास्ट में एक गिलास दूध और बिना मिर्च की अंडा भुर्जी ही खाना पसंद करते हैं। लंच के लिए दाल और हरी सब्जियों के साथ दो या तीन रोटी लेते हैं। अमिताभ बच्चन चावल खाने से परहेज करते हैं।

होटल के एक कर्मचारी ने कहा कि एक दिन उन्होंने ‘पनीर भुर्जी’ के लिए कहा, लेकिन इसके अलावा उनकी कभी कोई मांग नहीं रही है। जब वह शूटिंग से लेट आते हैं, तो डिनर में केवल सूप पीना पसंद करते हैं बल्कि कभी-कभार वह केवल सूप ही लेते हैं और खाने से परहेज करते हैं।

फिल्म टीम के एक सदस्य ने कहा कि वह सेट पर भी किसी भी चीज की ज्यादा मांग नहीं करते हैं। अमिताभ बच्चन अभी लखनऊ में एक महीने लंबे शूटिंग शिड्यूल के कारण मौजूद रहेंगे।



Download Android App
Download iOS App



