मुंबई : यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे फिल्मकार साजिद खान की मुश्किले थमने का नाम नहीं ले रही हैं । सोमवार को ‘इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन’ (आईएफटीडीए) ने उनको नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा। साजिद पर तीन महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। साजिद को जारी किए नोटिस में आईएफटीडीए ने निर्देशक से उनके खिलाफ लगे आरोपों पर सात दिनों के भीतर सफाई मांगी है।
आईएफटीडीए के अध्यक्ष अशोक पंडित द्वारा हस्ताक्षर किए पत्र में कहा गया है, ‘‘आपके अशिष्ट एवं अश्लील रवैये से ‘इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन’ (आईएफटीडीए) की बदनामी हुई।’’ उसने कहा, इसलिए, हम आपके ऐसे आपत्तिजनक व्यवहार पर नोटिस की प्राप्ति से सात दिनों के भीतर सफाई चाहते हैं ताकि आगे की कार्रवाई नियमों के तहत की जा सके। पत्र में कहा गया कि नोटिस का जवाब ना देने पर एकपक्षीय निर्णय दे दिया जाएगा।
साजिद पर अभिनेत्री सलोनी चोपड़ा, रेचेल व्हाइट और पत्रकार करिश्मा उपाध्याय ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। आरोप लगने के बाद साजिद ने खुद को ‘हाउसफुल4’ से अलग कर लिया है। उनकी जगह फिल्म का निर्देशन फरहाद समजी करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



