बॉलीवुड इंडस्ट्री में बीते कुछ सालों में रीमेक का चलन काफी तेजी से शुरू हो गया है। हॉलीवुड और साउथ फिल्मों के साथ-साथ सुपरहिट हिंदी फिल्मों के भी लगातार रीमेक देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच ये खबर सामने आई है कि 90 के दशक की फिल्म तेजाब का रीमेक बनने जा रहा है। अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित स्टारर तेजाब का रीमेक बनाने को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। बीते साल ही मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर मुराद खेतानी ने इस फिल्म के राइट्स खरीदे हैं।

वहीं पहले चर्चा थी कि फिल्म में अनिल और माधुरी वाले रोल्स कार्तिक आर्यन और श्रद्धा कपूर नजर आएंगे। फिर अचानक से फिल्म की बात ही बंद हो गई। मगर अब एक बार फिर से फिल्म खबरों में आ गई है। तेजाब रीमेक को लेकर नया अपडेट सामने आया है। कहा जा रहा है कि फिल्म की स्टार कास्ट में बदलाव हुए है और अब कार्तिक आर्यन की जगह फिल्म में रणवीर सिंह और श्रद्धा कपूर की जगह जाह्नवी कपूर को अप्रोच किया गया है।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, तेजाब के रीमेक के लिए मेकर्स की पहली पसंद कार्तिक और श्रद्धा ही थे मगर किसी वजह से अब मेकर्स ने अपना फैसला बदल लिया है और वो रणवीर सिंह और जाह्नवी कपूर के साथ तेजाब का रीमेक बनाना चाहते हैं। हालांकि अभी तक तेजाब रीमेक की फाइनल कास्ट को लेकर मेकर्स और स्टार्स की तरह से कोई पुष्टि नहीं हुई है।

अगर इस फिल्म में रणवीर सिंह और जाह्नवी कपूर को कास्ट किया जाता है तो यह दोनों पहली बार बिग स्क्रीन पर साथ नजर आएंगे। बता दें कि कुछ वक्त पहले दिए एक इंटरव्यू में जब जाह्नवी से पूछा गया था कि वो इस बॉलीवुड एक्टर के साथ काम करना चाहती हैं तो एक्ट्रेस ने उस वक्त एक्टर रणवीर सिंह का नाम लिया था। अब सामने आई खबर से तो लगता है कि जल्द ही जाह्नवी का सपना पूरा होने जा रहा है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह की आगामी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। इस फिल्म में एक्ट्रेस आलिया भट्ट उनके साथ लीड रोल में है और धर्मेद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी भी फिल्म में अहम रोल में हैं। वहीं जाह्नवी कपूर फिल्म बवाल में वरुण धवन के साथ पहली बार स्क्रीन स्पेस शेयर करती नजर आएंगी। दर्शक इन दोनों की जोड़ी को एक साथ फिल्म में देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं।


Download Android App
Download iOS App



