‘बिग बॉस 14’ के कंटेस्टेंट जान कुमार सानू से हाल ही में अंजाने में गलती हो गई। जिसके बाद मनसे नेता अमये खोपकर भड़ गए और उन्होंने जान का करियर तबाह करने धमकी दे डाली। मामला बढ़ता देख चैनल ने जान की गलती के लिए माफी मांगी और फिर जान ने भी अपनी गलती के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी।

जान कुमार सानू के इस बयान की वजह से घर के बाहर हंगामा खड़ा हो गया है। जिस कारण महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने ‘बिग बॉस 14’ को बंद करने की धमकी दे डाली थी। बवाल को बढ़ता देखकर जान कुमार सानू की मां ने बीते दिन अपने बेटे का बचाव किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब कुमार सानू ने भी महाराष्ट्र की जनता से माफी मांगी है। कुछ समय पहले ही जान कुमार सानू के पिता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में कुमार सानू कहते नजर आ रहे हैं, ‘नमस्कार उद्धव जी मैं कुमार सानू बात कर रहा हूं। मुझे बहुत अच्छा लगा जो आपने कोरोना पॉजिटिव होने पर मेरा इतना ख्याल रखा। मैं सरकार का तहे दिल से धन्यवाद कहना चाहता हूं। बीएमसी की वजह से ही मैं कोरोना वायरस को मात दे सका।’

कुमार सानू आगे कहते दिख रहे हैं, ‘मैंने सुना है कि मेरे बेटे ने मराठी भाषा को लेकर गलत बयान दिया है। मैंने 40 सालों में एक बार भी ऐसा नहीं सोचा। मुंबई शहर की मुम्बा देवी के आशीर्वाद की वजह से ही मुझे इतना फेम मिला है। मैं महाराष्ट्र और मुम्बा देवी के बारे में कुछ भी बुरा नहीं बोल सकता। मैं सभी भाषाओं का आदर करता हूं। मैंने हर भाषा में गाना गाया है।’

अपने बेटे के बयान पर सफाई देते हुए कुमार सानू ने कहा, ‘मैं अपने बेटे से 27 साल से अलग रह रहा हूं। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि जान की मां ने उसे क्या सिखाया है। एक बाप होने के नाते मैं आपके केवल मांफी मांग सकता हूं। अब तक भी मैं बाला साहब के साथ जुड़ा हुआ था। ये सब बातें सुनकर मैं खुद को नहीं रोक पाया।’

कुमार सानू वीडियो में खुलासा करते दिख रहे हैं, ‘इस दौरान मैंने प्रताप सरनाईक जी से भी बात की है। उन्होंने मुझे बताया है कि डरने की बात नहीं है। मैं एक बार फिर से पूरे महाराष्ट्र से माफी मांगना चाहता हूं। महाराष्ट्र ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मेरे बेटे को उस तरह की बात नहीं बोलनी चाहिए थी। मैं चाहता हूं कि आप सभी मेरे बेटे को माफ कर दें।’


Download Android App
Download iOS App



