सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद मीका सिंह का खुलासा, गिप्पी ग्रेवाल और मनकीरत औलख को भी मिली धमकियां

Summary :

सिंगर मीका सिंह ने गैंगस्टर्स की ओर से सेलेब्स को मिलने वाली धमकियों को लेकर चिंता जताई है। सिद्धू मूसेवाला की मौत पर दुख जताने के बाद अब मीका ने बाकी पंजाबी सिंगर्स को मिलने वाली धमकियों का खुलासा किया है।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या कांड के बाद पंजाब में गैंग वॉर का खतरा बना हुआ है। हर रोज़ अलग- अलग गैंग की तरफ से खुलेआम बदला लेनी की बात सामने आ रही है। ऐसे में पंजाब पर गैंगस्टर्स की पकड़ साफ़ नज़र आ रही है। जिस तरह सिद्धू मूसेवाला का सरेआम गोलियों से भूनकर कतल किया गया उससे साफ़ है इस वक़्त पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है।  
बता दें कि 28 साल के इस मशहूर पंजाबी सिंगर को गैंगस्टर्स द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थी और उनकी मौत के पीछे भी ऐसे ही गैंगस्टर्स का हाथ बताया जा रहा है। उनके मर्डर के बाद अब पंजाब के बाकी नामी सिंगर्स को भी गैंगस्टर्स की ओर धमकाए जाने की खबरें आ रही हैं। इन खबरों के साथ ही एक ऐसा वाक्या सामने आया है, जिससे साबित होता है कि शायद इन खबरों में सच्चाई हो सकती है। 
दरअसल, सिंगर मीका सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही मीका सिंह ने गैंगस्टर्स की ओर से सेलेब्स को मिलने वाली धमकियों को लेकर चिंता जताई है। सिद्धू मूसेवाला की मौत पर दुख जताने के बाद अब मीका ने बाकी पंजाबी सिंगर्स को मिलने वाली धमकियों का खुलासा किया है। 
मीका ने एक इंटरव्यू में इस घटना और इससे जुड़ी बातों का खुलासा करते हुए कहा,”इस दुखद घटना से हमारी इंडस्ट्री का हर बंदा हैरान है। लेकिन मैं सभी को बताना चाहता हूं कि सिर्फ सिद्धू ही नहीं थे, जिनको धमकियां मिल रही थीं। बल्कि गिप्पी ग्रेवाल, मनकीरत औलख जैसे कई पंजाबी सिंगर्स को धमकियां मिली हैं। इस घटना के बाद हम सभी को सतर्क होने की जरूरत है।” 
मीका ने आगे कहा, “गैंगस्टर्स पैसों की मांग करते हैं, जो पैसे दे देता है वो ठीक, नहीं तो दूसरों को वह इसी तरह चेतावनी देते हैं। पंजाब में सिंगर्स को अक्सर गैंगस्टर्स से ऐसी धमकियां मिलती रहती हैं। बहुत सारे सिंगर्स इससे परेशान हैं। जैसे वह लोग जरा से पॉपुलर होते हैं या उनके शो चलने शुरू होते हैं, वैसे ही उन्हें धमकियां मिलनी शुरू हो जाती हैं। पहले हम मुंबई में अंडरवर्ल्ड का नाम सुनते थे, लेकिन अब अंडरवर्ल्ड पंजाब में शुरू हो गया है, जो पूरे पंजाब के लिए एक बहुत गलत संदेश है। इसका नतीजा आने वाले दिनों में यह होगा कि सेलिब्रिटीज पंजाब में शूटिंग और शो करने बंद कर देंगे। पिछले छह साल से यह लोग कुछ ज्यादा ही सक्रिय हो गए हैं।”

Desk Team