Nana Patekar Last Speech: ‘मैं कल रहूं या न रहूं…’, निधन के बाद वायरल हो रही नाना पाटेकर की लास्ट स्पीच

Summary :

Nana Patekar Last Speech: नाना पाटेकर के निधन के बाद गोवा के एक कार्यक्रम में दिया उनका पुराना भाषण चर्चा में है। इस दौरान उन्होंने दोस्त मनोहर पर्रिकर को याद किया और जिंदगी को लेकर अपनी सोच साझा की। नाना ने कहा कि हर इंसान को सोचना चाहिए कि उसने जीवन में कुछ करने की कितनी कोशिश की।

Nana Patekar Last Speech: मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। इसी बीच गोवा में आयोजित एक कार्यक्रम का उनका पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस कार्यक्रम में नाना पाटेकर ने जिंदगी, उम्र और इंसान के मकसद को लेकर अपनी सोच शेयर  की थी। उन्होंने अपने करीबी दोस्त और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को भी याद किया था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  नाना पाटेकर गोवा के एक पर्यटन कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शामिल हुए थे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और काम करने के जज्बे की तारीफ की। नाना ने कहा था कि मनोहर पर्रिकर उनके दोस्त थे और ऐसे दोस्त पर हर किसी को गर्व होना चाहिए। उम्र में पर्रिकर उनसे छोटे थे, लेकिन उनके व्यक्तित्व और सोच की वजह से नाना उन्हें हमेशा सम्मान की नजर से देखते थे।

‘गोवा का सौभाग्य था कि पर्रिकर जैसे इंसान यहां पैदा हुए’

नाना पाटेकर ने मनोहर पर्रिकर के बारे में बात करते हुए कहा था कि गोवा और देश का सौभाग्य था कि यहां ऐसा व्यक्ति पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि पर्रिकर ने कम उम्र में ही बहुत कुछ हासिल किया और समाज के लिए काम करने का प्रयास किया।

अभिनेता ने उनके अंदर मौजूद काम करने की लगन और कुछ नया करने की इच्छा को भी याद किया। नाना के मुताबिक, पर्रिकर के पास अपने सपनों को पूरा करने का जुनून था और उन्होंने अपनी जिंदगी में कई महत्वपूर्ण काम किए।

 मैं भी कल रहूं या न रहूं…

अपने भाषण के दौरान नाना पाटेकर ने जिंदगी और मौत को लेकर भी बात की थी । उन्होंने कहा था कि किसी को नहीं पता कि वह अगले दिन मौजूद रहेगा या नहीं। उन्होंने कहा, “जाना तो सबको है। मैं भी कल रहूं या न रहूं, कुछ पता नहीं। हर किसी की जिंदगी में वो वक्त आएगा ही।”

नाना ने बताया कि वह 77 साल के हो चुके हैं और उनका 78वां साल शुरू होने वाला है। लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके लिए सबसे जरूरी सवाल यही है कि इंसान ने अपनी जिंदगी में क्या करने की कोशिश की।

‘क्या जो करना था, उसके लिए कोशिश की?’

नाना पाटेकर ने लोगों से कहा था कि हर व्यक्ति को खुद से यह सवाल पूछना चाहिए कि वह जिंदगी में जो करना चाहता था, उसके लिए उसने कितनी कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इंसान की पूरी जिंदगी सिर्फ अपने घर, परिवार और निजी जरूरतों तक सीमित रह जाए तो उसका दायरा भी छोटा रह जाता है। उनके मुताबिक, जीवन में दूसरों के लिए कुछ करने और समाज से जुड़ने की कोशिश भी जरूरी है।

कार्यक्रम से सामने आए एक अन्य वीडियो में नाना पाटेकर कलाकारों के साथ तबला बजाते और उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। उनका यह अंदाज भी लोगों को काफी पसंद आया। नाना का गोवा कार्यक्रम में दिया गया संदेश अब उनके निधन के बाद एक बार फिर चर्चा में है। उनके विचारों में जिंदगी को सार्थक बनाने, कुछ करने की कोशिश करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की बात प्रमुख थी।

यह भी पढ़ें: Nana Patekar Last Movie: नाना पाटेकर की आखिरी फिल्म होगी ये हॉरर-कॉमेडी, मौत से पहले पूरी कर ली थी शूटिंग

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।