पटना : बिहार के पटना में आज भाजपा सांसद सुब्रहमण्यम स्वामी के संगठन विराट हिन्दुस्तान संगम की ओर से आने वाली फिल्म पद्मावती के विरोध में प्रदर्शन करते हुए फिल्म के निदेशक संजय लीला भंसाली का पुतला दहन किया। विराट हिन्दुस्तान संगम के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में इस संगठन के कार्यकताओं ने आज कारगिल चौक के समीप आने वाली फिल्म पद्मावती के विरोध में प्रदर्शन किया और फिल्म निदेशक संजय लीला भंसाली का पुतला दहन किया। इस मौके पर सिंह ने पद्मावती फिल्म का विरोध करते हुए कहा कि एक कुत्सित अन्तरराष्ट्रीय साजिश के तहत हिन्दू देवी देवताओं, भारतीय गौरव के प्रतीकों एवं राष्ट्र नायकों को अपमानित करके हिन्दुओं के मनोबल एवं स्वाभिमान को तोडकर हिन्दू पुनर्जागरण को अवरुद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उच्चस्तीय जांच समिति द्वारा इस साजिश की जांच करवाकर षडयंत्रकारियों को न केवल बेनकाब करना चाहिये बल्कि उन्हें कठोर दंड भी दिलवाना चाहिये, ताकि आगे से कोई ऐसे कुकर्म करने की हिम्मत ही नहीं जुटा सके। संगठन के महासचिव रितेश कुमार ने कहा कि बिहार में इस फिल्म को चलाने वाले सिनेमाघरों का मानव श्रृंखला बनाकर घेराव किया जायेगा। पद्मावती फिल्म के मुख्य पात्र शाहिद कपूर और दीपिका पादुकोण हैं, जो आगामी दिसंबर महीने में जारी होने वाली है।


Download Android App
Download iOS App



