देशभर में लॉकडाउन होने के बाद से टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री रतन राजपूत पिछले डेढ़ महीने से बिहार के एक गांव में फंसी हुई हैं। जहां से वो लगातार अपनी लॉकडाउन स्टोरी साझा कर रही हैं। इसके अलावा रतन राजपूत लॉकडाउन के दौरान कई सारी वीडियोज बनाकर फैन्स के साथ शेयर कर रही हैं ऐसे में एक्ट्रेस कभी खाना पकाते हुए दिख रही है तो कभी जो नई रेसिपी ट्राई करती हैं, उसका वीडियो वो इंटरनेट पर भी शेयर करती हैं।

कई बार हो चुकीं हैं ट्रोल
बता दें कि रतन लॉकडाउन के दौरान अपनी वीडियो शेयर करके कई बार ट्रोलिंग का शिकार हो गयी हैं,लेकिन बावजूद इसके अभिनेत्री ने पलटवार करने में जरा भी देरी नहीं की है और इस बार वाला ट्रोलर्स को जवाब देने का अंदाज शायद आपको बहुत पसंद भी आ जाए। दरअसल इस बार रतन को उनके खाने वाली वीडियो के लिए नहीं बल्कि पहनावे के लिए ट्रोल कर रहे थे और उनका कहना था कि गांव के हिसाब से उन्हें ढंग के कपड़े पहनने चाहिए। वहीं कुछ इनमें ऐसे भी हैं जिन्होंने रतन को ओवरऐक्टिंग करने का खिताब दे दिया।
मगर रतन भी कहां चुप बैठने वालों में से थीं,तो बस उन्होंने भी लोगों की बोलती बंद करने की ठान ली। रतन राजपूत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह चूल्हे पर दम आलू बनाती दिख रही हैं। वीडियो पर उन्होंने कैप्शन लिखा है,आलू दम, मसाला कम…भौजी नाचे छमाछम।

वैसे अभिनेत्री ने आलू की सब्जी बनाते-बनाते ही ट्रोलर्स की बोलती बंद कर दी है। वीडियो में रतन राजपूत कह रही हैं, अब समझ गई हूं कि आपका अगला कॉमेंट किस पर आने वाला है..चूड़ियां। अब मैं ना थोड़ा-थोड़ा आप लोगों को जानने लगी हूं। जैसे आप मुझे जानने लगे हैं, वैसे ही मैं भी आप लोगों को आपकी बातों और मेसेजेस से समझने लगी हूं। अभी आपको कई दिन ये अलग-अलग कलरफुल चूड़ियां देखने को मिलेगीं। मैं अभी आपकी जिज्ञासा बढ़ाऊंगी और फिर आपको बताऊंगी इन चूड़ियों की कहानी।
रतन राजपूत ने अपनी वीडियो में आगे कहा कुछ लोग मुझे तंग करते हैं और कुछ लोगों को मैं भी तंग करने से बाज़ नहीं आती। मैं उन्हें कुछ न कुछ ऐसा डोज़ देती रहती हूं। यार भद्दा कॉमेंट लिखने वालों, मेरी हालत तो देख लो। दया नहीं आती तुम लोगों को यार? कुछ भी लिख देते हो? कुछ लोग कहते हैं- एंटरटेन करती है पर ओवरऐक्टिंग करती है। असल में यह सच है। मैं जब छोटी थी और अब तक भी..घर में सब लोग कहते हैं कि यार यह हर काम नाटक की तरह करती है। ओवर करती है। पर इसीलिए तो मैं अभिनेत्री बनी।


Download Android App
Download iOS App



