Kunal Kamra के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में तीन मामले दर्ज, 31 मार्च को होगी पूछताछ

Summary :

कुनाल कामरा के खिलाफ तीन केस, 31 मार्च को पुलिस करेगी पूछताछ

मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कुणाल कामरा के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। ये शिकायतें बुलढाना, नाशिक और ठाणे से ट्रांसफर की गई हैं। कामरा ने एक वीडियो में एकनाथ शिंदे के खिलाफ ‘गद्दार’ शब्द का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने उन्हें 31 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है।

मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इन तीनों मामलों में महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों से जीरो एफआईआर के तहत शिकायतें मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर की गई हैं। यह एफआईआर बुलढाना, नाशिक और ठाणे जिलों से दर्ज की गई थीं और अब इनकी जांच मुंबई के खार पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है। मुंबई पुलिस के अनुसार इन मामलों में कामरा पर आरोप है कि उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

कामरा को दो बार समन भेज चुकी है पुलिस

खार पुलिस स्टेशन ने कॉमेडियन कुणाल कामरा को दो बार समन भेजा है. पहले समन पर कुणाल कामरा ने पुलिस से एक हफ्ते का वक्त मांगा था. हालांकि पुलिस ने उसे रिजेक्ट कर दिया था. खार पुलिस ने कॉमेडियन को दूसरा समन भेजते हुए उन्हें 31 मार्च को जांच के लिए हाजिर होने के लिए कहा था. कुणाल कामरा ने 2 अप्रैल तक का समय मांगा था लेकिन पुलिस ने समय ना देते हुए 31 मार्च को सुबह 11 बजे तक खार पुलिस स्टेशन में हाजिर होने के लिए कहा गया है.

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि कुछ समय पहले कुणाल कामरा का एक स्टैंडअप कॉमेडी वीडियो सामने आया था. इसमें कामरा ने बिना नाम लिए एकनाथ शिंदे के लिए ‘गद्दार’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया था. ऐसे में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने भी हंगामा मचा दिया था और जिस स्टूडियो में कामरा का वीडियो शूट हुआ था, वहां जाकर भी तोड़फोड़ की थी.

Anjali Dahiya

अंजलि दहिया पिछले 3 वर्षों से एक पैशनेट लाइफस्टाइल और बॉलीवुड कंटेंट राइटर हैं, जिनकी बीट लाइफस्टाइल, बॉलीवुड, ज्वेलरी, और फैशन है। वे सेलिब्रिटी न्यूज़, फिल्म फ़ीचर्स, फ़ैशन, वेलनेस और पॉप कल्चर से जुड़ी कहानियों में भी माहिर है, जो एंटरटेनमेंट को रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जोड़ती हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ कम्यूनिकेशन व कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट का डिप्लोमा की पढ़ाई की है।