Pahalgam आतंकी हमले पर भड़के TV सितारे, बोले- ‘ ये कायरता पूर्ण, हमारा दिल टूटा’

Summary :

आतंकी हमले पर टीवी सितारों का आक्रोश, कहा- हमारा दिल टूटा

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पूरा देश सदमे में है। टीवी और बॉलीवुड सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी और गुस्सा जाहिर किया है। कनिका मान, परितोष त्रिपाठी, हिना खान, देवोलीना भट्टाचार्जी और अली गोनी ने हमले की निंदा की और पीड़ितों के लिए संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले ने देश को हिला कर रख दिया है। इस घटना से पूरा देश सदमे में है। बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक के सितारे सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी और गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

‘चांद जलने लगा’ की एक्ट्रेस कनिका मान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। उन्होंने अपने पोस्ट में ‘हैशटैग पहलगाम अटैक’ का इस्तेमाल किया और कैप्शन में लिखा- ‘ये बस दिमाग का कसूर है और किसी चीज का नहीं।’

वहीं मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन परितोष त्रिपाठी ने अपने इंस्टाग्राम पर आतंकी हमले की एक फोटो शेयर की, जिसमें एक पत्नी अपने पति के शव के पास जमीन पर बैठी है। इस फोटो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘हर बार की तरह निंदा मत करो, पकड़ो मारो उनको या हमारे लोगों को जिंदा करो।’

टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर लिखा, “पहलगाम… क्यों क्यों क्यों?”

एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मशहूर पत्रकार राणा अय्यूब के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा, “आतंकवादियों ने कश्मीर में मासूम पर्यटकों पर कायरता भरा हमला किया।”

एक्टर अली गोनी ने अपने ट्वीट में लिखा, “पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले से मेरा दिल टूट गया है। मासूमों के खिलाफ हुआ ये हमला इस्लाम द्वारा सिखाए गए शांति के पाठ की अवहेलना करता है। मेरी दुआएं पीड़ित और उनके परिवार के साथ हैं। हमें इस बुराई के खिलाफ एक होना पड़ेगा।”

आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने निशाना बनाते हुए दो विदेशी नागरिकों समेत 16 पर्यटकों को मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में स्थानीय निवासी समेत 20 से अधिक लोगों के घायल होने की भी खबरें हैं।

जम्मू-कश्मीर: आतंकी हमले पर समय रैना और मुनव्वर फारुकी ने की निंदा

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.