नेपाल के PM ओली ने प्रधानमंत्री मोदी को किया फोन, Pahalgam आतंकी हमले की निंदा की

Summary :

नेपाल के PM ओली ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की

नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और बहुमूल्य जानमाल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने एक नेपाली नागरिक की मौत पर दुख जताया और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत-नेपाल की एकजुटता पर जोर दिया।

नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में हुए घातक आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने बहुमूल्य जानमाल के नुकसान पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

ओली ने पहलगाम आतंकवादी हमले को ‘जघन्य’ बताया। उन्होंने इस मुद्दे पर पीएम मोदी के साथ विस्तार से बातचीत की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवादी हमले में एक युवा नेपाली नागरिक की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत इस क्रूर आतंकवादी हमले के अपराधियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्रालय ने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और नेपाल एक साथ खड़े हैं।” दोनों नेताओं ने हाल ही में बैंकॉक में छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की थी। ओली ने इस बैठक को ‘अत्यंत उपयोगी और सकारात्मक’ चर्चा बताया था।

नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने सोशल मीडिया पर कश्मीर के पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले पर गहरा सदमा और दुख व्यक्त किया। उन्होंने पोस्ट किया, “हम आतंकवाद के इस कृत्य और बेवजह हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं, जिसने निर्दोष लोगों की जान ले ली है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं, हम घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हैं। नेपाल इस दुख की घड़ी में भारत सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।”

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की हार्दिक कामना करते हैं।”

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले के बाद दुनिया भर चौतरफा निंदा हो रही है। हमला मंगलवार को बैसरन घाटी में हुआ, आतंकवादियों ने आसपास के जंगलों से निकलकर अंधाधुंध लोगों पर (अधिकांश पर्यटक) गोलीबारी की। हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई।

आतंकवाद से लड़ने में भारत का समर्थन करेगा Israel: Reuven Azar

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.