‘Kantara 2’ में दिखेंगे Nawazuddin Siddiqui? Rishabh Shetty संग काम करने पर कही ये बात

Summary :

ऋषभ और उनके दोस्त थिएटर में काफी काम करते हैं। दिलचस्प बात ये है कि हमारे गुरु एक ही हैं। हम एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। हम पहले भी बात कर चुके हैं, इसलिए जब वो यहां आए तो वो मेरे यहां आए और हमने काफी बातें कीं।

कन्नड़ फिल्म कांतारा ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर धुंआधार कमाई की थी। साल 2022 में रिलीज हुई इस फिल्म के चर्चे आज भी कम नहीं है। फिल्म ने दर्शकों को काफी इंप्रेस किया था और तभी से फैंस इस साउथ फिल्म के सीक्वल का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। कांतारा 2 को लेकर अब तक कई सारी खबरें सामने आ चुकी हैं।
मगर पिछले साल जब बॉलीवुड के दमदार एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी और कांतारा डायरेक्टर और एक्टर  ऋषभ शेट्टी की तस्वीरें सामने आई थी तो हंगामा मच गया था। दरअसल, दिसंबर 2022 में नवाज ने कांतारा टीम और ऋषभ से मुलाकात की थी। उस दौरान लोग ये कयास लगा रहे थे कि नवाज साउथ की सुपरहिट फिल्म कांतारा के सीक्वल में नजर आ सकते हैं। 
वहीं, अब कांतारा में अपनी एंट्री और ऋषभ संग अपनी दोस्ती के बारे में नवाज ने खुलकर बात की। नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इंस्टाग्राम पर ऋषभ शेट्टी संग अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। फोटोज शेयर करते हुए एक्टर ने कैप्शन में लिखा था कि ‘ऋषभ शेट्टी, प्रमोद शेट्टी और टीम कांतारा के साथ मेरे घर पर मुलाकात करना अद्भुत था। ऋषभ और मेरे बीच कई बातें समान हैं, जिन पर हम लंबी बातें कर सकते हैं।’
हाल ही में दिए इंटरव्यू में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि वो कैसे कांतारा डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी को जानते हैं। इस बारे में बोलते हुए एक्टर ने कहा, “ऋषभ और उनके दोस्त थिएटर में काफी काम करते हैं। दिलचस्प बात ये है कि हमारे गुरु एक ही हैं। हम एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। हम पहले भी बात कर चुके हैं, इसलिए जब वो यहां आए तो वो मेरे यहां आए और हमने काफी बातें कीं। अच्छी बात ये है कि वो अब भी थिएटर से जुड़े हुए हैं, अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं।”
वहीं, जब नवाज से पूछा गया कि क्या ऋषभ संग उनकी मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कांतारा 2 को लेकर कोई चर्चा हुई थी? कांतारा 2 पर बातचीत को लेकर पूछे सवाल पर नवाज ने कहा कि, “इस बारे में मैं अभी कुछ नहीं कह सकता, लेकिन हम उम्मीद कर सकते हैं। मैं उनके साथ क्यों काम नहीं करना चाहूंगा? वो एक बेहतरीन एक्टर और डायरेक्टर हैं। उनकी पूरी टीम काफी प्रतिभाशाली है।” 
बता दें कि कांतारा ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। 16 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ा का बिजनेस किया था। केजीएफ के बाद ये दूसरी कन्नड़ फिल्म है जिसने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ दिए। कांतारा 2 को लेकर मिल रहे अपडेट के मुताबिक, फिल्म की कहानी पूरी हो गई  है और जल्द ही मूवी फ्लोर पर आएगी। कांतारा 2 में साउथ सुपरस्टार रजनीकांत के होने की भी चर्चा है।

Desk Team