दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने प्रीपेड उपभोक्ताओं के लिये न्यूनतम अनिवार्य रिचार्ज को 23 रुपये से बढ़ाकर 45 रुपये कर दिया है। कंपनी ने रविवार को इसकी घोषणा की।
कंपनी ने सार्वजनिक सूचना में कहा, ‘‘सेवाओं का लाभ उठाने के लिये प्रत्येक 28 दिन में 45 रुपये का इससे अधिक का रिचार्ज करना अनिवार्य होगा।’’
कंपनी ने कहा कि नया न्यूनतम रिचार्ज प्लान रविवार से प्रभावी हो गया है। यह घोषणा सभी सेवा क्षेत्रों के भारती एयरटेल और भारती हेक्साकॉम के उपभोक्ताओं के लिये है।
कंपनी ने कहा, ‘‘वैधता अवधि के समाप्त होने के बाद यदि 45 रुपये या इससे अधिक का रिचार्ज नहीं किया जाता है तो कंपनी 15 दिन तक सीमित सेवाएं देगी। 15 दिन की इस अवधि के दौरान भी रिचार्ज नहीं किया गया तो इसके बाद सभी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।’’
उल्लेखनीय है कि दूरसंचार क्षेत्र में चल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और रिलायंस जियो ने हाल ही में दरें बढ़ाने की घोषणा की थी।
कर्ज बोझ तले दबे दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारतीय एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने हाल ही में कहा था कि सबसे निचले स्तर पर पहुंचे शुल्क और ऊंची खपत का
गठजोड़ दूरसंचार उद्योग को मार रहा है। क्षेत्र के नियामक को निवेश की सुरक्षा और उपभोक्ता के हित के बीच संतुलन के लिये तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिये।


Download Android App
Download iOS App



