नई दिल्ली : दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने प्रतिस्पर्धी कंपनियों भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के ऊपर लैंडलाइन नंबरों को मोबाइल नंबर बताकर धोखाधड़ी करने का नया आरोप लगाया है। जियो ने भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) को पत्र लिखकर दोनों प्रतिस्पर्धी कंपनियों पर जुर्माना लगाने की मांग की है।
हालांकि, भारती एयरटेल ने पलटवार करते हुए कहा कि एक नेटवर्क से दूसरे नेटवर्क पर जा रहे कॉल को जोड़ने वाले शुल्क (इंटरकनेक्ट यूजेज चार्जेज) को लेकर परामर्श से पहले जियो ट्राई को बरगलाने की कोशिश कर रही है। जियो ने ट्राई को लिखे पत्र में कहा है कि दोनों प्रतिस्पर्धी कंपनियां ने अपने कॉरपोरेट उपभोक्ताओं को हेल्पलाइन नंबरों के लिये दिये लैंडलाइन नंबरों को मोबाइल नंबर बताकर सरकारी खजाने को चूना लगाया है।
इससे उसे भी (जियो को) सैंकड़ो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जियो ने कहा कि इसके साथ ही ऐसा करने से दोनों प्रतिस्पर्धी कंपनियों को गलत तरीके से कमायी हुई। कंपनी ने दोनों प्रतिस्पर्धियों के खिलाफ ट्राई से कार्रवाई करने की मांग की है। वोडाफोन आइडिया ने जियो के इस नये आरोप पर फिलहाल प्रतिक्रिया नहीं दी है।


Download Android App
Download iOS App



